हाईकोर्ट बोला- स्ववित्तपोषित शिक्षकों को न्यूनतम वेतनमान दें:चार हफ्ते में देना होगा, राज्य सरकार व सीएसजेएम विवि को फटकार

Nov 24, 2026 - 23:31
0
हाईकोर्ट बोला- स्ववित्तपोषित शिक्षकों को न्यूनतम वेतनमान दें:चार हफ्ते में देना होगा, राज्य सरकार व सीएसजेएम विवि को फटकार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने संबद्ध महाविद्यालयों में स्ववित्तपोषित योजना के तहत कार्यरत शिक्षकों के वेतन व अधिकारों के मामले में स्पष्ट किया है कि नियमों के तहत देय न्यूनतम वेतनमान देने के दायित्व से राज्य सरकार और विश्वविद्यालय पीछे नहीं हट सकते। कोर्ट ने छत्रपति शाहू जी महाराज (सीएसजेएम) विश्वविद्यालय कानपुर को निर्देश दिया कि याची शिक्षक को पूरे सेवाकाल के दौरान देय न्यूनतम वेतनमान के आधार पर बकाया वेतन (एरियर) की गणना, वित्तीय स्वीकृति और भुगतान चार सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करे। यह आदेश न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा एवं न्यायमूर्ति सत्य वीर सिंह की खंडपीठ ने कानपुर नगर निवासी डॉ नीरज श्रीवास्तव की याचिका पर एमिकस क्यूरी उदित चंद्रा को सुनने के बाद याचिका का निस्तारण करते हुए दिया। जानिये क्या है मामला डॉ नीरज श्रीवास्तव की नियुक्ति 25 अगस्त 2001 को कानपुर नगर के मंधना स्थित ब्रह्मावर्त डिग्री कॉलेज में स्ववित्तपोषित योजना के तहत राजनीति विज्ञान प्रवक्ता पद पर हुई थी। सीएसजेएम विश्वविद्यालय ने 27 नवंबर 2002 को उनकी नियुक्ति को अनुमोदित किया था। करीब 20 वर्षों तक निरंतर अध्यापन करने के बाद वर्ष 2018-19 और 2019-20 में छात्र संख्या में भारी गिरावट (क्रमशः 5 व 4 छात्र) का हवाला देते हुए कॉलेज प्रबंधन ने विषय की संबद्धता सरेंडर करने का प्रस्ताव भेज दिया। इसके बाद विवि ने संबद्धता समाप्त कर 31 जुलाई 2021 को उनका टीचर कोड निरस्त करते हुए सेवा समाप्त कर दी। हाईकोर्ट का रुख किया कुलाधिपति द्वारा प्रत्यावेदन खारिज होने के बाद उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सुनवाई के दौरान कोर्ट के समक्ष यह तथ्य आया कि प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन न्यायिक आदेशों के पालन की बजाय उन्हें दरकिनार करने में जुटे थे। याची ने वर्ष 2013 के'डॉ सुरेश कुमार पांडे मामले में दिए गए न्यूनतम वेतनमान के आदेश के अनुपालन के लिए अवमानना याचिका दाखिल की थी। पेशी का आदेश हुआ तो मची खलबली जैसे ही इस मामले में अधिकारियों की व्यक्तिगत पेशी का आदेश हुआ, कॉलेज और विवि ने रिकॉर्ड समय में कागजी कार्रवाई पूरी कर पाठ्यक्रम की संबद्धता ही समाप्त कर दी। इसके अलावा 13 मार्च 2020 के शासनादेश में भी न्यूनतम वेतनमान की बजाय केवल शिक्षण शुल्क का 75 प्रतिशत वेतन पर खर्च करने की शर्त जोड़कर मूल आदेश की भावना को कमजोर करने का प्रयास किया गया। ​ एमिकस क्यूरी उदित चंद्रा ने 1999 से 2020 तक के विभिन्न शासनादेशों और उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 के प्रावधानों को रखते हुए सिद्ध किया कि वैधानिक अनुमोदन के कारण याची की नियुक्ति सारभूत प्रकृति की थी। कोर्ट ने ​छात्र संख्या नगण्य होने और पाठ्यक्रम का संचालन वैधानिक रूप से बंद हो जाने के कारण सेवा समाप्ति में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। कहा कि पाठ्यक्रम बंद होने पर सेवा में बने रहने का कोई निहित अधिकार नहीं बनता। उप्र राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम की धारा 2(18) के तहत स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम की वित्तीय देनदारी कॉलेज प्रबंधन या विवि की होती है। अतः सेवा की पूरी अवधि के लिए न्यूनतम वेतनमान के हिसाब से एरियर देना अनिवार्य है। कनिष्क सिन्हा व सौराष्ट्र कच्छ स्टॉक एक्सचेंज मामलों सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि अदालतें सही कानून की व्याख्या करती हैं, जो भूतलक्षी प्रभाव से लागू होता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User