बेटे की मारपीट से घायल मां-पिता ने छोड़ा घ:रिश्तेदारों के यहां रह रहे बुजुर्ग दंपती; बोलीं- बेटे को जेल मत भेजना

Nov 28, 2026 - 19:36
0
बेटे की मारपीट से घायल मां-पिता ने छोड़ा घ:रिश्तेदारों के यहां रह रहे बुजुर्ग दंपती; बोलीं- बेटे को जेल मत भेजना
कानपुर के रावतपुर थाने में शनिवार को समाधान दिवस पर बुजुर्ग दंपती बेटे की प्रताड़ना की शिकायत लेकर पहुंचे। मां शारदा देवी ने बताया कि बेटा अंकित उनके और पति प्रेम प्रकाश के साथ मारपीट करता है। पिटाई में पति का हाथ टूट गया, जबकि उनके जबड़े में चोट आई और दांत हिल गए। बेटे की धमकियों से डरे दंपती को अपना मकान छोड़कर रिश्तेदारों के यहां रहना पड़ रहा है। उन्होंने थाना प्रभारी कमलेश राय से गुहार लगाई कि बेटे को मकान से बाहर कराकर उन्हें अपने घर में सुरक्षित रहने दिया जाए। लेकिन शिकायत के दौरान एक ऐसी बात सामने आई, जिसने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। पुलिस ने बेटे के खिलाफ कार्रवाई की बात कही तो मां ने उसे जेल भेजने से मना कर दिया। उन्हें चिंता थी कि बेटे के जेल जाने पर उसके बच्चों का पालन-पोषण कौन करेगा। पिटाई में पिता का हाथ टूटा, मां के दांत हिले शारदा देवी ने पुलिस को बताया कि रावतपुर के शिवनगर में उनका मकान है, जो उनके और पति प्रेम प्रकाश के नाम पर है। कुछ दिन पहले बेटे अंकित ने दोनों के साथ मारपीट की थी। इसमें प्रेम प्रकाश का हाथ टूट गया, जबकि शारदा देवी के जबड़े में गंभीर चोट आई और दांत हिल गए। महिला के मुताबिक, डॉक्टर ने उनके दांतों को तार से बांधा है। चोट के कारण वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही हैं। उनका आरोप है कि बेटा और बहू दोनों मिलकर उन्हें प्रताड़ित करते हैं। विरोध करने पर दोबारा मारपीट और घर आने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है। अपने ही घर में लौटने से डर रहे बुजुर्ग बेटे के डर से बुजुर्ग दंपती अपने मकान में रहने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। कभी किसी रिश्तेदार तो कभी किसी परिचित के यहां शरण लेनी पड़ रही है। समाधान दिवस में शारदा देवी ने पुलिस से कहा कि आखिर वे कब तक दूसरों के घरों में रहेंगे। उन्होंने बेटे को मकान से बाहर कराकर खुद और पति के लिए सुरक्षित रहने की व्यवस्था कराने की मांग की। बेटे को जेल भेजने से किया इनकार पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ कार्रवाई की बात कही तो शारदा देवी ने उसे जेल भेजने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि वह बेटे को सजा नहीं दिलाना चाहतीं। अगर वह जेल चला गया तो उसके बच्चों का भरण-पोषण कौन करेगा। जिस बेटे की पिटाई से वह खुद घायल हैं और जिसके डर से उन्हें घर छोड़ना पड़ा, उसी के बच्चों के भविष्य की चिंता मां को सता रही थी। उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। थाना प्रभारी कमलेश राय ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा और अंकित को थाने बुलवाया। उन्होंने बताया कि मां की तहरीर के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User