कौशांबी में गर्भवती विवाहिता की मौत:भाई ने ससुराल में फांसी लगाकर हत्या का आरोप लगाया
कौशांबी के मंझनपुर थाना क्षेत्र के नया नगर द्वितीय में रविवार दोपहर एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर करारी से मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। 2023 में हुई थी शादी, आए दिन होता था विवाद मृतका की पहचान संगीता गुप्ता (पत्नी अंकुश गुप्ता) के रूप में हुई है। उसके भाई अजय गुप्ता ने बताया कि संगीता की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही छोटी-छोटी बातों को लेकर ससुराल में विवाद होता रहता था। संगीता को आए दिन परेशान किया जाता था। अजय का आरोप है कि उनकी बहन ने खुद फांसी नहीं लगाई, बल्कि उसकी फांसी लगाकर हत्या की गई है। हालांकि, मायके पक्ष के इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। 8 महीने की गर्भवती थी संगीता, 2 साल का बच्चा भी परिजनों के मुताबिक, संगीता करीब सात से आठ महीने की गर्भवती थी। उसका लगभग दो साल का एक बच्चा भी है। गर्भावस्था के दौरान उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में मातम है। मां की मौत के बाद मासूम बच्चे के सिर से मां का साया उठ गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और मौत को लेकर सवाल उठाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)