गोंडा के 2,978 बूथों पर लगा विशेष मतदाता कैंप:नाम जुड़वाने के लिए सबसे ज्यादा पहुंचे लोग, कटे नामों को लेकर कम आए आवेदन
गोंडा में रविवार को जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के 2,978 बूथों पर विशेष मतदाता कैंप लगाए गए। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इन कैंपों में लोगों ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, विवरण में संशोधन कराने और नए मतदाता पहचान पत्र के लिए आवेदन किया। कैंपों में सबसे ज्यादा भीड़ नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने वालों की रही, जबकि मतदाता सूची से कटे नामों को जुड़वाने के लिए अपेक्षाकृत कम लोग पहुंचे। निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत लगाए गए इन कैंपों में दैनिक भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट में भी नए मतदाताओं की सक्रियता देखने को मिली। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर शाम 4 बजे तक कुल 20 नए मतदाता पहुंचे। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के मतदान केंद्र पर भी 10 से अधिक नए मतदाताओं के फॉर्म भरवाकर ऑनलाइन दर्ज किए गए। अब इन आवेदनों की जांच की जाएगी। गांवों में प्रधान, सभासद और अन्य जनप्रतिनिधि भी लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। अभियान के दौरान अधिकारियों ने कई बूथों का निरीक्षण किया। कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहने पाए। खासतौर पर युवा और महिला मतदाताओं का पंजीकरण कराने पर जोर दिया गया। तीन तरह के फॉर्म से कर सकते हैं आवेदन 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन कराने और स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, अपात्र मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरना होगा। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी डीएम ने अभियान में तैनात सुपरवाइजरों, राजस्व कर्मियों और बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि काम में ढिलाई, गैरहाजिरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। सभी उपजिलाधिकारियों और नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर बूथों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। प्रदेश सरकार की ओर से भी अभियान पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल हो सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)