KGMU में रैगिंग पर 38 MBBS छात्र तीन महीने सस्पेंड:क्लास और हॉस्टल से भी बाहर किया, 25 हजार का लगा जुर्माना
KGMU में रैगिंग के मामले में 38 MBBS स्टूडेंट्स पर कार्रवाई की गई है। सभी को तीन महीने के लिए सस्पेंड करने के साथ क्लास और हॉस्टल से बाहर कर दिया गया है। प्रत्येक छात्र पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। एक साल तक उनकी छात्रवृत्ति भी रोक दी गई है। खास बात यह है कि रैगिंग की शिकायतों और वीडियो सामने आने के बावजूद KGMU प्रशासन इसे रैगिंग मानने से इनकार करता रहा, जबकि हॉस्टल में जूनियर छात्रों को देर रात तक परेशान किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि सीनियर छात्र रात 12 से 2 बजे तक जूनियर छात्रों को जगाते थे। उन्हें वीडियो कॉल करके परेशान किया जाता था। गाने और म्यूजिक पर डांस करने के लिए मजबूर किया जाता था। मना करने पर गाली-गलौज और अभद्रता की जाती थी। जूनियर छात्रों को सीनियर के सामने खड़े होकर प्रणाम महोदय और प्रणाम मैडम कहने के लिए भी मजबूर किया जाता था। वीडियो वायरल होने के बाद भी प्रशासन करता रहा इनकार 16 नवंबर को KGMU का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें जूनियर छात्र सीनियर के सामने कतार में खड़े होकर प्रणाम महोदय और प्रणाम मैडम कहते नजर आए थे। इसके बाद रैगिंग की शिकायतों पर एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच की। 19 नवंबर की बैठक में जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई पर सहमति बनी। कुलपति की मंजूरी के बाद 26 नवंबर को आदेश जारी किया गया। दो जूनियर छात्र भी रैगिंग में मिले शामिल जांच में दो जूनियर छात्र भी सीनियर की रैगिंग में मदद करते मिले। कमेटी ने उन्हें भी दोषी माना है। कार्रवाई की जद में आए 38 छात्रों में 36 एमबीबीएस 2025 बैच और दो एमबीबीएस 2026 बैच के हैं। KGMU प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि जूनियर छात्रों को डराने या अपमानित करने वाली किसी भी घटना पर सख्त कार्रवाई होगी। छात्रों से रैगिंग की जानकारी तत्काल एंटी रैगिंग कमेटी या प्रशासन को देने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)