की-होल सर्जरी से आसान हुई महिलाओं की जिंदगी:बिना बड़े चीरे से आसान हुआ फाइब्रॉइड, बांझपन और भारी पीरियड्स का इलाज
भारी मासिक धर्म (मेनोरेजिया), फाइब्रॉइड, बांझपन और पेशाब लीक होने जैसी समस्याओं से जूझ रही महिलाओं के लिए अब बड़े चीरे वाली पारंपरिक सर्जरी के बजाय मिनिमली इनवेसिव यानी लैप्रोस्कोपिक उपचार तेजी से चुना जा रहा है। कंसल्टेंट गायनी एंडोस्कोपिक सर्जन डॉ. तोषी जैन ने कहा कि छोटे की-होल चीरों से की जाने वाली दूरबीन सर्जरी से मरीज जल्दी रिकवरी करते हैं और सामान्य जीवन में जल्दी लौट सकते हैं। बड़े ऑपरेशन की जगह छोटे चीरे डॉ. तोषी जैन के अनुसार जिन महिलाओं में भारी मासिक धर्म या फाइब्रॉइड के कारण दवाओं से आराम नहीं मिलता और गर्भाशय निकालना जरूरी हो जाता है, उनमें अब आमतौर पर खुली सर्जरी नहीं की जाती। लगभग एक सेंटीमीटर या उससे भी छोटे चीरों के जरिए लैप्रोस्कोप से पूरी सर्जरी की जा सकती है। उन्होंने बताया कि ऐसी सर्जरी के बाद मरीज अक्सर 24 से 48 घंटों में घर लौट सकते हैं और एक सप्ताह के भीतर सामान्य गतिविधियां शुरू कर सकते हैं। चिकित्सा संस्थान भी बताते हैं कि लैप्रोस्कोपिक तकनीक से अस्पताल में रहने का समय, दर्द और रिकवरी अवधि कम होती है। बांझपन के इलाज में भी संभावना इनफर्टिलिटी के कई कारण हो सकते हैं। जिनमें अंडाणु बनने में समस्या, गर्भाशय के अंदर सेप्टम या दीवार, पॉलिप, फाइब्रॉइड या फैलोपियन ट्यूब का बंद होना। डॉ. जैन के मुताबिक, ट्यूब ब्लॉक होने पर लैप्रोस्कोपी से उसे खोलने का प्रयास किया जा सकता है, जिससे हर मामले में सीधे IVF की जरूरत नहीं पड़े। गर्भाशय की कैविटी में मौजूद फाइब्रॉइड गर्भाशय की संरचना को प्रभावित कर सकते हैं और गर्भधारण में बाधा बन सकते हैं। ऐसे मामलों में लैप्रोस्कोपिक या हिस्टेरोस्कोपिक मायोमेक्टमी से फाइब्रॉइड हटाए जा सकते हैं; यह प्रक्रिया फर्टिलिटी संरक्षण को ध्यान में रखते हुए भी की जाती है। पेशाब लीक का उपचार बड़ी उम्र की महिलाओं में खांसने, छींकने या उठने-बैठने के दौरान पेशाब लीक होने की समस्या भी आम है। डॉ. जैन ने कहा कि जब दवाएं पर्याप्त न हों, तो यूरोगाइनीकोलॉजी में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी से मूत्राशय को सहारा देकर या मरम्मत करके इलाज किया जा सकता है। भारी पीरियड्स को नजरअंदाज न करें विशेषज्ञों के अनुसार, 35 से 45 वर्ष की महिलाओं में हार्मोनल बदलाव के कारण अनियमित या भारी पीरियड्स होना आम हो सकता है। लेकिन अगर एक से दो साल तक दवाओं के बाद भी समस्या कंट्रोल न हो, तो जांच और आगे के उपचार पर विचार करना जरूरी है। फाइब्रॉइड, असामान्य रक्तस्राव, एंडोमेट्रियोसिस और पेल्विक दर्द जैसी स्थितियों के लिए मिनिमली इनवेसिव गायनीकोलॉजिकल सर्जरी को अब मान्य उपचार विकल्प माना जाता है। डॉ. तोषी जैन का कहना है कि सही जांच और समय पर इलाज से महिलाएं जटिलताओं से बचते हुए बेहतर जीवन गुणवत्ता पा सकती हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)