कोचिंग छात्रों के गुट ने साथी को बेरहमी से पीटा:जालौन में जीआईसी की पुरानी बिल्डिंग में लात-घूंसों और बेल्ट से पीटा

Sep 26, 2026 - 16:13
0
कोचिंग छात्रों के गुट ने साथी को बेरहमी से पीटा:जालौन में जीआईसी की पुरानी बिल्डिंग में लात-घूंसों और बेल्ट से पीटा
जालौन के उरई शहर में कोचिंग पढ़ने वाले छात्रों की दबंगई का वीडियो शनिवार दोपहर 2 बजे के करीब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में छात्रों का एक गुट एक साथी छात्र को घेरकर बेरहमी से मारपीट करता दिखाई दे रहा है। छात्र को लात-घूंसों के साथ बेल्ट से भी पीटे जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद उरई कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक कोचिंग में पढ़ने वाले करीब आधा दर्जन छात्रों का गुट एक छात्र को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) उरई की पुरानी बिल्डिंग में ले गया। वहां उसके साथ मारपीट की गई। वायरल वीडियो में कुछ छात्र पीड़ित छात्र को पकड़कर मारते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद कुछ अन्य छात्र घटना का वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शनिवार दोपहर करीब दो बजे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वीडियो शुक्रवार का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले छात्रों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मारपीट में शामिल छात्र कहां के रहने वाले हैं और वर्तमान में किस विद्यालय अथवा कोचिंग संस्थान में पढ़ते हैं। इसके साथ ही पुलिस मारपीट का शिकार हुए छात्र की पहचान और उसके परिजनों की जानकारी जुटा रही है, ताकि उससे शिकायती पत्र लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। उरई कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे छात्रों की पहचान होने के बाद घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला उरई कोतवाली क्षेत्र स्थित जीआईसी की पुरानी बिल्डिंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User