क्षमता से ज्यादा बारूद मिलने पर 3 दुकानें सील:उन्नाव में पटाखा बाजार में छापेमारी, कार्रवाई की भनक लगते ही दुकानदार भागे
उन्नाव के अब्बासपुर पटाखा बाजार में शुक्रवार रात पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान तीन दुकानों में निर्धारित क्षमता से ज्यादा बारूद और विस्फोटक सामग्री मिली। इस पर अधिकारियों ने तीनों दुकानों को सील कर दिया। कार्रवाई की भनक लगते ही कई दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से चले गए। दीपावली से पहले पटाखों की खरीद-बिक्री बढ़ने के साथ प्रशासन दुकानों में सुरक्षा इंतजामों और विस्फोटक सामग्री के भंडारण की जांच कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार देर शाम एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, सीओ सिटी विनी सिंह और सदर एसडीएम राजेश विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ अब्बासपुर बाजार पहुंचे। टीम ने दुकानों में रखे पटाखों, बारूद की मात्रा और सुरक्षा इंतजामों की जांच की। तय मानकों से ज्यादा विस्फोटक सामग्री मिलने पर स्टार फायर वर्क्स, राजपूत फायर वर्क्स और बालाजी फायर वर्क्स को सील करा दिया गया। दुकानदारों से मौके पर चलवाए फायर सिलेंडर जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों से मौके पर ही फायर सिलेंडर चलवाकर उनकी कार्यक्षमता भी परखी। साथ ही सभी दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और निर्धारित क्षमता के अनुसार ही विस्फोटक सामग्री रखने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि अब्बासपुर पटाखा मार्केट में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की है। जांच के दौरान जो भी खामियां मिली हैं, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, एसडीएम ने अनियमितता मिलने पर तीन दुकानों को सील कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर पटाखों की बिक्री के दौरान जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। ऐसे में प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पटाखा बाजार में सुरक्षा मानकों और विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण को लेकर सख्ती बढ़ गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)