लखनऊ-बहराइच हाईवे पर रातभर जाम लगा:रामनगर से चौकाघाट तक वाहनों की कतार, एंबुलेंस भी फंसी; सुबह 4 बजे तक यात्रियों ने पुलिस के साथ रास्ता खुलवाया
बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगा। शादी समारोह में जा रहे और लौट रहे यात्री रातभर गाड़ियों में फंसे रहे। शुक्रवार सुबह 4 बजे तक वाहनों की कतार लगी रही। जाम में एंबुलेंस और भारी वाहन भी फंसे। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हुई। यात्रियों के मुताबिक, जाम बहराइच की ओर सरयू पुल के पार बने ओवरब्रिज से शुरू होकर रामनगर होते हुए चौकाघाट तक पहुंच गया। सड़क पर वाहन चार कतारों में खड़े थे। जल्दी निकलने की कोशिश में वाहन चालकों के बीच कहासुनी भी हुई। रामनगर पुलिस के उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह, केके, अमन और अन्य पुलिसकर्मी जाम खुलवाने में जुटे रहे। जाम में फंसे यात्रियों ने भी पुलिस के साथ मिलकर वाहनों को एक तरफ से निकलवाया। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा। शादी समारोह से लौट रहे वाहन चालकों शाकिर अली, रामू यादव, अनिल और मुलायम ने बताया कि वे रात करीब 11 बजे बहराइच के झुकिया से जाम में फंसे थे। शरीफ निकलने के बाद मढ़ना होते हुए वे सुबह करीब 4 बजे चौकाघाट पहुंचे। इस दौरान बच्चे और बुजुर्ग भी गाड़ियों में बैठे परेशान होते रहे। कुछ यात्रियों ने जाम से बचने के लिए सरयू पुल से टेपसिप होते हुए मरकामऊ और बदोसराय के रास्ते लखनऊ जाना चुना। जाम के दौरान वाहन पलटने और दुर्घटना होने की अफवाहें भी फैलीं। हालांकि, रामनगर थाना क्षेत्र में किसी दुर्घटना की पुष्टि नहीं हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)