बांदा में ट्रेलर की टक्कर से जीजा-साले की मौत:चचेरा भाई हुआ घायल, दीपावली मेला देखकर बाइक पर घर लौट रहे थे तीनों

Nov 12, 2026 - 22:00
0
बांदा में ट्रेलर की टक्कर से जीजा-साले की मौत:चचेरा भाई हुआ घायल, दीपावली मेला देखकर बाइक पर घर लौट रहे थे तीनों
बांदा में दीपावली का मेला देखकर घर लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में रिश्ते के जीजा-साले की मौत हो गई, जबकि उनका चचेरा भाई घायल हो गया। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों शव मोर्चरी में रखवा दिए। मेला देखकर गांव लौट रहे थे तीनों युवक जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़रिया अंश पडुनिया डेरा के रहने वाले पुष्पेंद्र (16) पुत्र अर्जुन अपने चचेरे भाई लोकपाल (19) और रिश्ते के जीजा दशरथ (19) निवासी कछार डेरा, पैलानी के साथ गुरुवार को फतेहपुर के जाफरगंज में मेला देखने गया था। शाम को तीनों एक ही बाइक से गांव लौट रहे थे। चिल्ला थाना क्षेत्र में पलरा और दोहतरा गांव के बीच सहूरपुर मोड़ पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिर गए। इस दौरान ट्रेलर की चपेट में आने से दशरथ और पुष्पेंद्र करीब पांच मीटर तक घिसटते चले गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लोकपाल घायल हो गया। दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दशरथ और पुष्पेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल लोकपाल का उपचार किया जा रहा है। हादसे के समय लोकपाल हेलमेट पहने था। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी भिजवा दिया। डेढ़ माह पहले महाराष्ट्र से लौटा था पुष्पेंद्र परिजनों ने बताया कि पुष्पेंद्र दो भाइयों में बड़ा था। करीब डेढ़ महीने पहले ही वह महाराष्ट्र से कमाकर गांव लौटा था। उसके पिता खेती करने के साथ बाहर जाकर मजदूरी भी करते हैं। वहीं, दशरथ चार भाइयों में दूसरे नंबर का था और सूरत में रहकर कमाई करता था। वह दीपावली मनाने के लिए सात नवंबर को गांव आया था। दोनों युवकों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है। पुष्पेंद्र की मां भूरी और दशरथ के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ट्रेलर और चालक की तलाश में जुटी पुलिस CO सदर प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि तीनों युवक फतेहपुर से मेला देखकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि तीसरे को हल्की चोटें आई हैं। दोनों शवों को मोर्चरी भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना करने वाले ट्रेलर और उसके चालक का पता लगाया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User