मैनपुरी में मतदाता सूची जांचने गलियों में उतरे डीएम-एसपी:घर-घर जाकर किया सत्यापन, गलतियों में सुधार और अपात्र नाम हटाने पर जोर

Nov 24, 2026 - 17:46
0
मैनपुरी में मतदाता सूची जांचने गलियों में उतरे डीएम-एसपी:घर-घर जाकर किया सत्यापन, गलतियों में सुधार और अपात्र नाम हटाने पर जोर
मैनपुरी में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने इस बार बीएलओ के साथ खुद मोर्चा संभाला है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी गलियों में उतरकर घर-घर पहुंचे। दरवाजे पर दस्तक देकर परिवार के सदस्यों से पूछा कि घर में कितने मतदाता हैं, किनके नाम सूची में दर्ज हैं और कौन अब तक मतदान के अधिकार से वंचित है। गोपाल नगर, शिवाजी नगर और आवास विकास कॉलोनी में अधिकारियों ने मतदाता सूची का सत्यापन किया। इस दौरान पात्र लोगों के नाम जोड़ने और मतदाता पहचान पत्र की गलतियां सुधारने के लिए मौके पर ही फॉर्म भरवाए गए। 18 साल पूरे करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बीएलओ के पास उपलब्ध मतदाता सूची और मोबाइल ऐप में दर्ज विवरण का घरों में मौजूद परिवार के सदस्यों से मिलान किया। अभियान में खास तौर पर उन युवाओं पर ध्यान दिया गया, जो 18 साल की उम्र पूरी कर चुके हैं या एक जनवरी 2027 को यह अर्हता पूरी करेंगे। ऐसे युवाओं के साथ नवविवाहित महिलाओं और नए निवासियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए मौके पर ही फॉर्म-6 भरवाए गए। गलतियों में सुधार और अपात्र नाम हटाने की प्रक्रिया शुरू मतदाता पहचान पत्र में नाम, पिता या पति के नाम, मकान संख्या, उम्र और फोटो से जुड़ी गलतियां मिलने पर फॉर्म-8 भरवाकर संशोधन की प्रक्रिया शुरू कराई गई। जिन परिवारों में किसी सदस्य की मृत्यु हो चुकी है या कोई स्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट हो गया है, उनके नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरवाए गए। इस तरह अभियान में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ गलत और पुराने नाम हटाने पर भी जोर दिया गया। एक परिवार के सभी मतदाताओं को एक ही बूथ से जोड़ने के निर्देश निरीक्षण के दौरान एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज होने की समस्या भी सामने आई। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिए कि एक परिवार के सभी मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र और बूथ से जोड़ने की व्यवस्था की जाए, ताकि मतदान के दिन किसी को परेशानी न हो। बीएलओ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को समन्वय से काम करने के निर्देश डीएम ने बीएलओ, सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सभासदों और कोटेदारों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। जिन घरों में दिन के समय ताला मिला या परिवार के सदस्य मौजूद नहीं थे, वहां दोबारा पहुंचकर सत्यापन करने को कहा गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ को जरूरी दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रशासन का लक्ष्य ऐसी मतदाता सूची तैयार करना है, जिसमें कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम दर्ज न रहे। इस दौरान तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी, ईओ बुद्धिप्रकाश सहित संबंधित बीएलओ और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User