मानचित्र की फाइल गायब करने के आरोप में FIR दर्ज:बुलंदशहर में छतारी चेयरमैन, ईओ और कर्मचारी पर केस दर्ज

Nov 09, 2026 - 10:03
0
मानचित्र की फाइल गायब करने के आरोप में FIR दर्ज:बुलंदशहर में छतारी चेयरमैन, ईओ और कर्मचारी पर केस दर्ज
बुलंदशहर के नगर पंचायत छतारी का एक बेहद गंभीर मामला प्रकाश में आया है। छतारी के वर्तमान चेयरमैन सलीम कुरैशी पर ललित कुमार ने चुनावी रंजिश के चलते उनके पिता द्वारा मकान बनवाने के लिए जमा की गई मानचित्र की पत्रावली को साजिश के तहत गायब/नष्ट करने और उनकी पैतृक भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने के प्रयास का संगीन आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर छतारी के चेयरमैन, ईओ, साजिश में शामिल कर्मचारी के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। छतारी थाना क्षेत्र के महावीर बाजार निवासी ललित कुमार पुत्र स्वर्गीय श्री अनिल कुमार वार्ष्णेय ने छतरी थाने में दर्ज कराई FIR में कहा है कि उनके पिता ने सितंबर 2023 में अपनी गाटा संख्या 973/1 स्थित जमीन पर निर्माण कार्य कराने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ नगर पंचायत छतारी के कार्यालय में मानचित्र स्वीकृत कराने हेतु आवेदन किया था। नगर पंचायत के वर्तमान चेयरमैन सलीम कुरैशी ने चुनावी रंजिश और जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से उस पत्रावली को नियमों के विरुद्ध जाकर कार्यालय से अपने पास रख लिया। अधिकारियों से शिकायत करने पर अधिशासी अधिकारी द्वारा बताया गया कि नक्शे की फाइल नगर पंचायत अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत की गई हैं और वहां से कार्रवाई लंबित है। आवेदन के लगभग 6 माह बाद अनिल कुमार वार्ष्णेय की मृत्यु हो गई थी, आरोप है कि चेयरमैन ने उसके बाद बयान बदला और फाइल गायब होने की बात कही। ललित कुमार के मुताबिक, उनके पिता अनिल कुमार की मृत्यु 17 मार्च 2024 को हो गई। पिता की मृत्यु के बाद जब दोबारा अधिकारियों से शिकायत की गई, तो नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी द्वारा 28 मार्च 2025 को एक नया और लिखित बयान दिया गया कि शिकायतकर्ता के पिता स्वयं अपनी पत्रावली वापस ले गए थे और वर्तमान में कार्यालय में कोई पत्रावली उपलब्ध नहीं है। पीड़ित का आरोप है कि आवेदन की नक्शा पत्रावली सरकारी अभिलेखों की श्रेणी में आने वाली इस महत्वपूर्ण फाइल को चेयरमैन और नगर पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों ने आपस में मिलकर एक आपराधिक षड्यंत्र के तहत साजिशन गायब अथवा नष्ट कर दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User