मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और कर्मचारियों के पद खाली:सीटें 100 से बढ़ाकर 150 करने की अनुमति मिली; नॉन टीचिंग पद आउटसोर्सिंग से भरे जाएंगे
अम्बेडकरनगर में स्थित सदरपुर में महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के कई पद खाली हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण गंभीर बीमारियों के मरीजों को इलाज के लिए दूसरे चिकित्सा संस्थानों में जाना पड़ता है। स्टाफ की कमी का असर कॉलेज की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। कॉलेज में नर्सिंग के 350 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 120 लंबे समय से खाली हैं। डॉक्टरों के 91 स्वीकृत पदों में से 80 पर नियुक्ति है। नॉन टीचिंग के 140 पदों में से 41 खाली हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण गुर्दा, कैंसर, हृदय और लिवर की गंभीर बीमारियों के मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजना पड़ता है। कॉलेज प्रशासन ने खाली पद भरने के लिए शासन को पत्र भेजा है। नियुक्तियां नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बना हुआ है। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, पर्याप्त स्टाफ मिलने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर इलाज मिल सकेगा। विद्यार्थियों को भी बेहतर पढ़ाई और व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि नियमित पदों पर भर्ती के लिए लोकसेवा आयोग के जरिए नियुक्ति करने को लेकर शासन को पत्र भेजा गया है। नॉन टीचिंग के खाली पद आउटसोर्सिंग से भरे जाएंगे। इसके लिए शासन से अनुमति मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की सीटें 100 से बढ़ाकर 150 करने की अनुमति भी मिल गई है। इसके लिए विभागीय प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)