मेंहदावल निरीक्षण भवन में बनेंगे दो नए सूट:शासन ने जारी की 82 लाख रुपए की पहली किस्त, परियोजना पर खर्च होंगे 2.05 करोड़
संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में दो अतिरिक्त सूट बनाए जाएंगे। शासन ने निर्माण के लिए 82 लाख रुपए की पहली किस्त जारी कर दी है। पूरी परियोजना पर 2 करोड़ 5 लाख 75 हजार रुपए खर्च होने का अनुमान है। निर्माण पूरा होने के बाद अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य अतिथियों के ठहरने की सुविधा बढ़ जाएगी। वर्तमान विधायक अनिल त्रिपाठी और पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल ने निरीक्षण भवन में अतिरिक्त सूट बनवाने के लिए पहल की थी। लोक निर्माण विभाग ने दो नए सूट के निर्माण के लिए 2 करोड़ 5 लाख 75 हजार रुपए का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए पहली किस्त जारी कर दी है। 29 जिलों में 39 कार्यों को मिली मंजूरी लोक निर्माण विभाग के संयुक्त सचिव सुभाष राम ने 16 नवंबर 2026 को इस संबंध में शासनादेश जारी किया। इसके मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 29 जिलों में निरीक्षण भवनों और सर्किट हाउसों के विस्तार, नए निर्माण और मरम्मत के 39 कार्यों को मंजूरी दी गई है। इनकी अनुमानित लागत 74 करोड़ 58 लाख 81 हजार रुपए है। शासन ने इसके लिए 29 करोड़ 65 लाख रुपए जारी किए हैं। स्वीकृत कार्यों में मेंहदावल निरीक्षण भवन भी शामिल है। प्रशासनिक दौरों के दौरान मिलेगी सुविधा निरीक्षण भवन का इस्तेमाल सरकारी दौरों पर आने वाले अधिकारियों के ठहरने, विभागीय बैठकों और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए किया जाता है। दो नए सूट बनने से भवन की क्षमता बढ़ेगी। क्षेत्र में विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों के निरीक्षण के लिए आने वाले अधिकारियों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। शासनादेश में प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग, लखनऊ को निर्धारित शर्तों और प्रतिबंधों के तहत स्वीकृत धनराशि खर्च करने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)