मेरठ में 3 दिन ई-चालान नहीं होंगे:सोमवार से नेक्स्ट जेन 2.0 सिस्टम लागू होगा, पुरानी व्यवस्था को अपडेट किया जा रहा है
मेरठ में ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के लिए अगले तीन दिन ई-चालान की प्रक्रिया बंद रहेगी। शुक्रवार से रविवार तक यातायात पुलिस डिजिटल माध्यम से चालान नहीं कर सकेगी। केंद्रीय ई-चालान सिस्टम को अपडेट करने के कारण यह व्यवस्था रहेगी। सोमवार से नेक्स्ट जेन 2.0 के साथ ई-चालान की नई व्यवस्था शुरू होगी। अभी मोबाइल डिवाइस से हो रहा चालान फिलहाल यातायात पुलिस मोबाइल डिवाइस पर नेक्स्ट जेन 1.0 सिस्टम से ई-चालान करती है। सड़क पर यातायात नियम तोड़ने पर पुलिसकर्मी मौके से चालान करते हैं। वहीं कैमरों से नियमों का उल्लंघन रिकॉर्ड होने पर भी ई-चालान बनता है और इसकी जानकारी वाहन मालिक के मोबाइल पर भेजी जाती है। नई व्यवस्था में चालान प्रक्रिया को ज्यादा डिजिटल और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। QR कोड स्कैन करते ही मौके पर भर सकेंगे जुर्माना नेक्स्ट जेन 2.0 में सबसे बड़ी सुविधा मौके पर ही जुर्माना जमा करने की होगी। चालान बनने के बाद वाहन चालक QR कोड स्कैन कर उसी समय डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। इससे चालान जमा करने के लिए ट्रैफिक कार्यालय या कोर्ट जाने की जरूरत नहीं होगी। दूसरे राज्य या देश के किसी भी हिस्से में मौजूद वाहन मालिक भी डिजिटल माध्यम से जुर्माना जमा कर सकेंगे। दस्तावेज भी डिजिटल रूप से अपलोड होंगे नई व्यवस्था में चालान से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा भी जोड़ी जा रही है। इन दस्तावेजों का रिकॉर्ड तय समय तक डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा। पुराने ई-चालानों का डेटा भी नए सिस्टम में ट्रांसफर किया जा रहा है, ताकि पुराने रिकॉर्ड और भुगतान में किसी तरह की परेशानी न हो। वाहन नंबर डालते ही सामने आएगी पूरी जानकारी ई-चालान सिस्टम परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और वाहनों से जुड़े केंद्रीय डेटाबेस से जुड़ा है। वाहन नंबर डालते ही सिस्टम पर आरसी, बीमा और फिटनेस जैसी जानकारी उपलब्ध हो जाती है। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) की इंटीग्रेटेड चालान प्रणाली को अपडेट किया जा रहा है। नेक्स्ट जेन 2.0 में कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। तीन दिन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार से नई व्यवस्था में ई-चालान शुरू किए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)