मनरेगा कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार जारी रखने की चेतावनी दी:गाजीपुर में धरना देकर मांगपत्र सौंपा; 3 दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा घेरेंगे
गाजीपुर में वीबी-जी राम जी कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों ने शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे विकास भवन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने मानदेय बढ़ाने, सामाजिक सुरक्षा और मानव संसाधन नीति लागू करने समेत कई मांगें उठाईं। कर्मचारियों ने डीसी वीबी-जी राम जी मनरेगा विजय कुमार यादव को मांगपत्र सौंपा और शासन स्तर पर समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। 3 दिसंबर को प्रदेशभर के कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे। ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष नागेंद्र यादव ने कहा कि मनरेगा का नाम बदलकर वीबी-जी राम जी किए जाने के बाद कर्मचारियों की समस्याएं बढ़ी हैं। उनके मुताबिक, कर्मचारियों को समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है। मानदेय से काटी जाने वाली ईपीएफ की रकम भी समय पर संबंधित खाते में जमा नहीं होती। नागेंद्र यादव ने कहा कि ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया जटिल है। डोंगल लगाने के बाद भी कर्मचारियों के खाते में मानदेय पहुंचने में करीब तीन महीने लग जाते हैं। इससे परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी पिछले 16 वर्षों से मानव संसाधन नीति लागू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस पर फैसला नहीं हुआ। महंगाई बढ़ रही है, जबकि कर्मचारियों का मानदेय उनकी जरूरतों के मुताबिक नहीं है। महासंघ ने मांगपत्र में मानदेय बढ़ाने के साथ सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और अंतर्जनपदीय स्थानांतरण नीति तय करने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि मौजूदा मानदेय से पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाना कठिन हो गया है। शासन स्तर पर मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद उस पर फैसला नहीं हुआ है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 21 नवंबर से कर्मचारियों ने मनरेगा का काम बंद कर रखा है। उनके अनुसार, गाजीपुर में प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में सबसे अधिक काम प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि रोजगार सेवक, एपीओ, तकनीकी सहायक और लेखाकार समेत सभी संवर्गों के कर्मचारी एकजुट हैं। मांगें पूरी होने तक न तो मस्टररोल की डिमांड की जाएगी और न ही मनरेगा के कार्यों को आगे बढ़ने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन को रोकने के लिए पदाधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। यहां तक कि उनके लोकेशन की जानकारी लेने के लिए पुलिसकर्मियों को भेजा गया। इसके बावजूद कर्मचारी पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो विकास भवन के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर आंदोलन किया जाएगा।
शासन को भेजी जाएंगी मांगें
वहीं, डीसी वीबी-जी राम जी मनरेगा विजय कुमार यादव ने कहा कि कर्मचारी संघ ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत धरना-प्रदर्शन किया है। कर्मचारियों की कई समस्याएं और मांगें हैं। इनमें मानदेय वृद्धि और अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्रमुख हैं। कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित पत्रक उन्हें सौंपा है। इन मांगों को शासन स्तर पर भेजा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)