मंत्री संजय निषाद पत्नी के साथ नन्दी के घर पहुंचे:मां विमला देवी के निधन पर जताया शोक, अफसरों और व्यापारियों ने दी श्रद्धांजलि
प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की माता विमला देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को भी प्रदेश सरकार के मंत्रियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बहादुरगंज स्थित मंत्री नन्दी के आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। सभी ने दिवंगत विमला देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद अपनी धर्मपत्नी मालती देवी के साथ मंत्री नन्दी के आवास पहुंचे। उन्होंने मंत्री नन्दी और उनके परिजनों से मुलाकात कर माता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। वहीं अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) एवं अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग आलोक कुमार ने भी आवास पहुंचकर मंत्री नन्दी से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग एवं भाजपा उत्तर प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य अनीता गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री पुष्पा तिवारी तथा यूपीसीडा के महाप्रबंधक (सिविल) पीके कौशिक ने भी पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। मंत्री नन्दी की माता के निधन पर विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक संगठनों की ओर से भी शोक संदेश जारी किए गए। सौदामिनी संस्कृत महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य डॉ. मनमुदित नारायण शुक्ला ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत विमला देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। केसरवानी वैश्य सभा के अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता तथा कश्मीरी समाज इलाहाबाद के अध्यक्ष डॉ. शरद शांगलू ने भी शोक संदेश जारी कर परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। इसके साथ ही ईस्टर्न यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री लिमिटेड के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने पत्र जारी कर विमला देवी के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंत्री नन्दी और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे सभी लोगों ने दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)