मोहित-प्यारे की जोड़ी, मन्नू का पैसा और संरक्षण:KDA अफसरों के गठजोड़ से भ्रष्टाचार की नींव पर बनाते गए इमारतें
कानपुर की घनी आबादी वाले इलाकों की संकरी गलियों में आशियाने नहीं, मौत के मकड़जाल तैयार हो रहे हैं। कहीं 30-40 वर्गगज के भूखंड पर छह मंजिला इमारत खड़ी कर दी गई तो कहीं 70-100 वर्गगज में पांच मंजिला अपार्टमेंट बनाकर फ्लैट बेच दिए गए। इन इमारतों में न पार्किंग की जगह है, न आग बुझाने के इंतजाम और न ही आपात स्थिति में बाहर निकलने का रास्ता। इसके बावजूद इनमें परिवार रह रहे हैं। पटकापुर के राधिका अपार्टमेंट में आग लगने से दो लोगों की मौत ने इस पूरे खेल की खौफनाक तस्वीर सामने ला दी है। देखिए 3 तस्वीरें… अच्छी लोकेशन, कम कीमत का लालच देकर फंसाते हैं बिल्डर शहर में यह अवैध निर्माण किसी एक बिल्डर की करतूत नहीं, बल्कि बिल्डरों, जमीन मालिकों और केडीए की निगरानी व्यवस्था के बीच गठजोड़ का नतीजा बताया जा रहा है। आरोप हैं कि छोटे भूखंडों और जर्जर मकानों को बिल्डर खरीदने या वहां अपार्टमेंट बनाने का प्रस्ताव देते हैं। फिर रसूखदार लोगों की मदद से निर्माण शुरू होता है। इतना ही नहीं केडीए के संबंधित अभियंताओं और सुपरवाइजरों की कथित मिलीभगत से नक्शे और निर्माण मानकों को दरकिनार कर पांच से छह मंजिल तक इमारतें खड़ी कर दी जाती हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुविधा शुल्क के चलते निर्माण के दौरान जिम्मेदार अधिकारी आंखें बंद रखे रहते हैं। कम कीमत और शहर के बीचोंबीच अच्छी लोकेशन का लालच देकर इन फ्लैटों को बेच दिया जाता है। कई मामलों में बैंक से होम लोन तक दिलाने की व्यवस्था की जाती है। खरीदार अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर फ्लैट तो खरीद लेते हैं, लेकिन उन्हें यह पता नहीं होता कि जिस इमारत में वे परिवार के साथ रह रहे हैं, उसका नक्शा पास है भी या नहीं और वह सुरक्षा मानकों पर खरी उतरती है या नहीं। 30 से 280 वर्गमीटर के भूखंडों पर खड़ी कर दीं पांच मंजिला इमारतें पटकापुर और आसपास के इलाकों में ऐसे कई अपार्टमेंट सामने आए हैं, जहां मन्नू रहमान के सिंडिकेट में शामिल मोहित तिवारी, प्यारे खान और शफीक ने मिलकर छोटे भूखंडों पर पांच मंजिल तक निर्माण करा दिया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान नंबर 19/119 में भी अपार्टमेंट बनाया जा रहा है। वहीं 19/73 में महज 28 वर्गमीटर के भूखंड पर पांच मंजिला इमारत खड़ी कर दी गई। ब्रह्म चट्टा, पटकापुर स्थित मकान नंबर 19/82 में पांच मंजिला शिवधाम अपार्टमेंट बना है। इसमें करीब 30 फ्लैट हैं और लगभग 100 लोग रहते हैं। ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा, लेकिन नहीं हुई कार्रवाई इसी तरह मकान नंबर 19/17 में 280 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पांच मंजिला अपार्टमेंट बनाया गया है। इसमें 14 फ्लैट हैं और करीब 80 लोग रह रहे हैं। इस अपार्टमेंट के सेकंड फ्लोर पर रहने वाले नजरी अहमद ने बताया कि उन्होंने साल 2022 में फ्लैट का एग्रीमेंट कराया था। बिल्डरों ने उन्हें नक्शा नहीं दिया। आरोप है कि चार मंजिल के निर्माण का एग्रीमेंट करने के बाद पांच मंजिल बना दी गईं। बिल्डर तौफीक अहमद, उमर और सुजीब अली पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए उन्होंने बताया कि साल 2024 में केडीए के अधिकारी इस इमारत पर ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा करने आए थे। तभी उन्हें पता चला कि अपार्टमेंट का नक्शा पास नहीं है।
नजरी अहमद का आरोप है कि एग्रीमेंट के समय बिल्डर ने उन्हें फर्जी नक्शा दिखाया था। नोटिस चस्पा होने के बावजूद अब तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नहीं हुई। उनका दावा है कि बिल्डर की केडीए अधिकारियों से सेटिंग होने के चलते कार्रवाई अटकी हुई है। ट्रांसफार्मर के साथ पार्किंग, फिर भी बेच दिए 38 फ्लैट कुरसवां के मकान नंबर 18/234 में पांच मंजिला गोवर्धन अपार्टमेंट बनाया गया है। इसमें करीब 38 फ्लैट बताए जा रहे हैं। यहां ग्राउंड फ्लोर में अपार्टमेंट के अंदर ही ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। जो सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही है। रामनारायण बाजार में मकान नंबर 18/203 के पास भी जमीन पर निर्माण की स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फीलखाना के कमला टावर स्थित मकान नंबर 22/125 में पांच मंजिला अपार्टमेंट है। वहीं मकान नंबर 15/28 में बने पांच मंजिला श्याम परिवार अपार्टमेंट में 15 फ्लैट हैं, जहां करीब 40 लोग रहते हैं। इन इमारतों में रहने वाले लोगों को भी अब सुरक्षा की चिंता सता रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिल्डर मोहित तिवारी हाते और छोटे भूखंड सस्ते में खरीदता है और मानकों को ताक पर रखकर बहुमंजिला इमारतें खड़ी कर देता है। न पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था होती है और न ही अग्निशमन से जुड़े इंतजाम। 63 बिल्डरों की सूची तैयार, कई इलाकों में फैला नेटवर्क राधिका अपार्टमेंट हादसे के बाद पुलिस ने शहर के पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों में अवैध निर्माण कराने वाले करीब 63 बिल्डरों को चिह्नित किया है। इनमें चमनगंज, बेकनगंज, अनवरगंज, सीसामऊ, कर्नलगंज, बजरिया, बाबूपुरवा, जाजमऊ और चकेरी समेत अन्य क्षेत्र के बिल्डर शामिल बताए जा रहे हैं। ये बिल्डर 100 से 200 वर्गगज के भूखंडों पर पांच से सात मंजिल तक इमारतें बनवा रहे हैं। कई जगह 30-40 वर्गगज के छोटे भूखंडों पर भी बहुमंजिला निर्माण किया गया है। बिना नक्शा, फायर सेफ्टी, इमरजेंसी निकास और अन्य जरूरी सुविधाओं के अपार्टमेंट तैयार कर फ्लैट बेचने के आरोप हैं। मन्नू रहमान, मोहित, सफीक और प्यारे का फैला सिंडिकेट पुलिस की शुरुआती जांच में राधिका अपार्टमेंट के निर्माण में कई लोगों की भूमिका सामने आई है। अपार्टमेंट की जमीन मोहित तिवारी की बताई जा रही है, जबकि निर्माण में बिल्डर प्यारे खान का पैसा लगा था। दोनों के बीच 50-50 हिस्सेदारी होने की बात सामने आई है। पूर्व पार्षद मन्नू रहमान पर भी इस निर्माण में पैसा लगाने का आरोप है। शफीक का नाम भी जांच के दायरे में है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्यारे खान पिछले सात-आठ साल से निर्माण के कारोबार में सक्रिय है। वह पटकापुर और आसपास के इलाकों में विवादित जमीन, हाते और मुकदमों में फंसी संपत्तियों को अपने प्रभाव से खरीदने के बाद बिल्डर एग्रीमेंट के जरिए निर्माण कराता है। आरोप है कि पटकापुर में उसकी कई अन्य इमारतें भी निर्माणाधीन हैं और कुछ अपार्टमेंट बनाकर बेचे जा चुके हैं। केडीए अफसरों की बेहरबानी से बढ़ा मन्नू रहमान स्थानीय निवासी मनीष अवस्थी का आरोप है कि पटकापुर में अवैध निर्माण का पूरा नेटवर्क काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिल्डरों को राजनीतिक संरक्षण और अधिकारियों की सेटिंग का फायदा मिल रहा है। 30-40 वर्गगज के भूखंडों पर छह-छह मंजिल की इमारतें खड़ी कर दी गई हैं। उनके मुताबिक, एक बिल्डर सालभर में 10-10 इमारतें तक बनवा रहा है। उन्होंने मांग की कि केवल बिल्डरों ही नहीं, बल्कि निर्माण में मदद करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उनकी संपत्तियों की जांच होनी चाहिए।
जांच में घिरा मन्नू रहमान पूर्व पार्षद मन्नू रहमान का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है। वह पूर्व विधायक इरफान सोलंकी का करीबी बताया जाता है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, परेड, मूलगंज, लाटूश रोड, मेस्टन रोड, नई सड़क और अस्पताल रोड क्षेत्र में उसका लंबे समय से प्रभाव रहा है। बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान को प्रमाणपत्र जारी करने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शहर में बन रहे अन्य अपार्टमेंट में उसकी क्या भूमिका है। राधिका अपार्टमेंट ने खोली अवैध निर्माण की पोल पटकापुर की श्रीगणेश मंदिर वाली संकरी गली में बने छह मंजिला राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के हुए अग्निकांड ने इस खतरे को उजागर कर दिया। अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट के बाद खड़े वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते धुआं और लपटें ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गईं। बाहर निकलने का सुरक्षित रास्ता नहीं मिलने से लोग अपार्टमेंट में फंस गए। बालकनी से नीचे उतरने की कोशिश में राखी साहू की गिरकर मौत हो गई, जबकि प्रांजल बाथम की दम घुटने से जान चली गई। हादसे के बाद पीड़ित परिवारों ने बिल्डर और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि सस्ते फ्लैट का सपना दिखाकर उनकी गाढ़ी कमाई से खिलवाड़ किया गया। कई बार दीवारों में दरार, बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट और लिफ्ट में करंट जैसी समस्याओं की शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रांजल के पिता अनिल बाथम की तहरीर पर फीलखाना पुलिस ने बिल्डर मोहित तिवारी, प्यारे खान, शफीक, पूर्व पार्षद मन्नू रहमान और सरबजीत कौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस इस मामले में निर्माण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। नई सड़क, मेस्टन रोड में अवैध व्यावसायिक निर्माण सील केडीए की प्रवर्तन टीम ने नई सड़क और मेस्टन रोड पर दो अवैध निर्माणों को सील कर दिया। नई सड़क स्थित प्लॉट नंबर 45/103 में अतिकुर्रहमान, अब्दुल्लाह व अन्य की ओर से करीब 250 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कराए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया। निर्माण के लिए मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था और न ही कोई अनुमति ली गई थी। मूलगंज थाने के पास मेस्टन रोड स्थित प्लॉट नंबर 44/322 पर इमरान व अन्य की ओर से कराए जा रहे अवैध निर्माण को प्राधिकरण ने 12 अक्तूबर को ही सील कर दिया था पर यहां सील पट्टिका को नुकसान पहुंचाए बिना परिसर के अंदर चोरी-छिपे निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस पर प्राधिकरण ने परिसर को दोबारा सील कर दिया। साथ ही संबंधित निर्माणकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को पत्र भेजा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)