मऊ में छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन 12 नवंबर से शुरू:कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन; 23 नवंबर तक सत्यापन करना होगा
मऊ में शैक्षिक सत्र 2026-27 की पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 12 नवंबर से शुरू होंगे। कक्षा 9 से 12 तक के पात्र विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है।
यह योजना अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों के लिए है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अश्विनी कुमार ने समय-सारिणी की जानकारी दी।
नवीनीकरण श्रेणी के विद्यार्थी 12 से 20 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। मान्यता प्राप्त विद्यालयों को मास्टर डाटाबेस में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन और जरूरी दस्तावेज 12 से 19 नवंबर तक जमा करने होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक 13 से 20 नवंबर तक विद्यालयों की मान्यता, स्वीकृत सीटों और प्रोफाइल का डिजिटल हस्ताक्षर से सत्यापन करेंगे। नवीनीकरण के विद्यार्थियों को आवेदन की हार्डकॉपी 20 नवंबर तक अपने शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी।
इसके बाद संस्थान प्राप्तांक, पूर्णांक और उपस्थिति का विवरण दर्ज करेंगे। वे पात्र आवेदनों का सत्यापन और अग्रसारण 13 से 23 नवंबर तक करेंगे।
नए विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन की अंतिम तारीख 17 नवंबर है। विद्यार्थी 19 नवंबर तक आवेदन का फाइनल प्रिंट निकाल सकेंगे। जरूरी दस्तावेजों के साथ हार्डकॉपी 19 से 22 नवंबर तक संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी।
संस्थानों को नए विद्यार्थियों के सभी आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन और अग्रसारण 13 से 23 नवंबर तक पूरा करना होगा।
अश्विनी कुमार ने जिले के पूर्वदशम और दशमोत्तर शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों से तय समय-सारिणी का पालन करने की अपील की है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय पर ऑनलाइन आवेदन पूरा कर जरूरी दस्तावेजों के साथ हार्डकॉपी संस्थान में जमा करने को कहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)