मुरादाबाद में बार एसोसिएशन क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल:रेड इलेवन ने ग्रीन इलेवन को 70 रन से हराकर जीती ट्रॉफी
मुरादाबाद में दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी की ओर से आयोजित वार्षिक क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्टेडियम में खेला गया। इसमें रेड इलेवन ने ग्रीन इलेवन को 70 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने टॉस उछालकर फाइनल मुकाबले की शुरुआत कराई। रेड इलेवन के कप्तान राधे मोहन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने आठ विकेट खोकर 167 रन बनाए। जवाब में ग्रीन इलेवन की पूरी टीम 97 रन पर सिमट गई। सैफान ने बनाए सबसे ज्यादा 44 रन रेड इलेवन की ओर से मोहम्मद सैफान ने 28 गेंदों में छह चौके लगाकर 44 रन बनाए। नवाज इंतजार ने 20 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रन जोड़े। माजिद ने 19 गेंदों में चार चौके लगाकर 22 रन बनाए। ग्रीन इलेवन की ओर से अरविंद शर्मा और राजीव चौधरी ने दो-दो विकेट लिए। विजेंद्र सैनी, शशांक ठाकुर, पियूष बिश्नोई और नवनीत सक्सेना को एक-एक विकेट मिला। 18 ओवर में 97 रन पर सिमटी ग्रीन इलेवन 168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्रीन इलेवन की टीम 18 ओवर में ही ऑलआउट हो गई। राजीव चौधरी ने 23 गेंदों में दो चौकों की मदद से 20 रन बनाए। कप्तान कुलदीप त्यागी ने 20 गेंदों में 14 और शुभम ने 11 गेंदों में 10 रन बनाए। रेड इलेवन के कप्तान राधे मोहन ने चार ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट झटके। सैफान और माजिद को दो-दो विकेट मिले। नवाज इंतजार और कुलदीप सक्सेना ने एक-एक विकेट लिया। सैफान मैन ऑफ द मैच, नवाज को मैन ऑफ द सीरीज फाइनल में 44 रन की पारी खेलने वाले मोहम्मद सैफान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी के लिए मोहम्मद सोहेल हाशमी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला। वहीं, नवाज इंतजार को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। इससे पहले ब्लू इलेवन और ग्रीन इलेवन के बीच हुए मुकाबले में आफताब पाशा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला था। रेड इलेवन और येलो इलेवन के मुकाबले में यह सम्मान नवाज इंतजार को दिया गया था। बार और बेंच के बीच मैत्री मैच कराने की घोषणा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह रहे। उन्होंने बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित टूर्नामेंट की सराहना की और जल्द ही बार और बेंच के बीच मैत्री क्रिकेट मैच कराने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि जनपद न्यायाधीश लारा कोर्ट जैगमउद्दीन ने कहा कि अधिवक्ताओं का काम काफी तनावपूर्ण होता है। ऐसे में क्रिकेट जैसे आयोजन तन और मन दोनों को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। अंपायरिंग से लेकर कमेंट्री तक संभाली जिम्मेदारी फाइनल मैच में वरिष्ठ अधिवक्ता अवनीश कुमार वर्मा और विवेक कुमार शर्मा ने अंपायर की भूमिका निभाई। बार के पूर्व कोषाध्यक्ष दानवीर सिंह यादव ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली। वरिष्ठ अधिवक्ता संजीव राघव और संजय सोनी ने कमेंट्री की। अतिथि कमेंटेटर के रूप में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नवम अरुण कुमार, वरिष्ठ अधिवक्ता शाहिद हुसैन और बार के पूर्व महासचिव अभिषेक भटनागर मौजूद रहे। पुरस्कार वितरण समारोह में न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता रहे मौजूद पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का संचालन बार एसोसिएशन के महासचिव कपिल गुप्ता एडवोकेट ने किया। इस दौरान विशेष न्यायाधीश अनुसूचित जाति एवं जनजाति अंजना, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अविनाश चंद्र मिश्रा, कृष्ण कुमार, जितेंद्र सिंह, अरुण कुमार और घनेंद्र कुमार मौजूद रहे। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्वेता चौधरी, रेलवे मजिस्ट्रेट सर्वेश मिश्रा और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। बार एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष विजय गुप्ता, आदेश श्रीवास्तव, अशोक सक्सेना, पूर्व महासचिव राकेश जौहरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजार हुसैन, कोषाध्यक्ष अजय बंसल, उपाध्यक्ष पुनीत चौहान, संयुक्त सचिव आवरण अग्रवाल श्रेष्ठ और जितेंद्र प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता पहुंचे। अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने अतिथियों और आयोजन में सहयोग करने वालों का आभार जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)