मुरादाबाद में रोडवेज कर्मियों ने सीखी सांकेतिक भाषा:बधिर यात्रियों का सफर होगा आसान

Sep 27, 2026 - 16:25
0
मुरादाबाद में रोडवेज कर्मियों ने सीखी सांकेतिक भाषा:बधिर यात्रियों का सफर होगा आसान
मुरादाबाद में बधिर यात्रियों के सफर को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से रविवार को मुरादाबाद डिपो बस स्टेशन पर एक दिवसीय सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में रोडवेज के चालक-परिचालकों और कर्मचारियों को बधिर यात्रियों से संवाद करने तथा उनकी बात समझने के तरीके बताए गए। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को व्यावहारिक रूप से सिखाया गया कि बस में चढ़ते और यात्रा करते समय बधिर यात्रियों के साथ किस प्रकार इशारों में संवाद स्थापित किया जाए और उनकी आवश्यकताओं को कैसे समझा जाए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रा के दौरान दिव्यांग एवं बधिर यात्रियों को होने वाली संवाद संबंधी परेशानियों को दूर करना और रोडवेज कर्मियों को उनकी सहायता के लिए सक्षम बनाना रहा। इस अवसर पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) राजवती, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ए.ए. अंसारी, स्टेशन प्रभारी संजीव कुमार गुप्ता और कंट्रोल प्रभारी रियाज हुसैन सहित बड़ी संख्या में चालक-परिचालक व अन्य स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के समापन पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी और स्टेशन प्रभारी ने प्रशिक्षण में सहयोग देने के लिए अंतरराष्ट्रीय बधिर (वाघिर) संस्था के पदाधिकारियों को प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से रोडवेज की सेवाओं को दिव्यांग यात्रियों के लिए और अधिक संवेदनशील व सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User