निजी जमीन पर सरकारी कब्जे के मामलों पर हाईकोर्ट सख्त:संज्ञान लेकर दर्ज कराई जनहित याचिका
निजी जमीन पर सरकारी विभागों के कब्जे और अतिक्रमण के मामलों में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने सख्ती दिखाई है। कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेकर जनहित याचिका दर्ज करने का आदेश दिया है। अब बिना अधिग्रहण या खरीद के निजी जमीन पर सार्वजनिक निर्माण रोकने के लिए कानूनी व्यवस्था पर सुनवाई होगी। न्यायमूर्ति राजन रॉय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की खंडपीठ ने 15 अक्टूबर को एकल पीठ के आदेश पर विचार करते हुए यह पहल की। कोर्ट ने कहा कि कई सालों से ऐसे मामलों की सुनवाई हो रही है। अलग-अलग याचिकाओं में आदेश भी दिए गए, लेकिन जमीन पर स्थिति नहीं सुधरी। बिना अधिग्रहण निजी जमीन पर सरकारी कब्जे का मामला कोर्ट ने कहा कि लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें नागरिकों की निजी जमीन अधिग्रहण या खरीद के बिना सार्वजनिक कामों में इस्तेमाल की जा रही है। कहीं कब्जा किया जा रहा है, तो कहीं अतिक्रमण कर मालिकों के अधिकार छीने जा रहे हैं। राज्य सरकार लोक निर्माण विभाग को पहले ही बिना अधिग्रहण या खरीद किसी की जमीन इस्तेमाल न करने का निर्देश दे चुकी है। खंडपीठ ने इसे संविधान के अनुच्छेद 300-ए के तहत संपत्ति के अधिकार का उल्लंघन बताया। जमीन मालिकों को अपने अधिकारों के लिए बार-बार अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है। कोर्ट ने ‘राज्य अधिकारियों द्वारा निजी भूमि पर अवैध अतिक्रमण/कब्जा’ शीर्षक से जनहित याचिका दर्ज करने का आदेश दिया। इस मामले में राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभाग, शहरी विकास और आवास एवं शहरी नियोजन विभाग को पक्षकार बनाया जाएगा। कोर्ट ने चेताया कि निजी संपत्ति के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन जारी रहा तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। मामले की सुनवाई अगले सप्ताह होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)