ओवरटेक पर विवाद, कार पर बरसाएं पत्थर:प्रॉपर्टी डीलर और साथी को लोहे के रॉड से पीटा, गंभीर रूप से घायल
कानपुर के चकेरी में कार ओवरटेक करने को लेकर हुआ मामूली विवाद शुक्रवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दबंगों ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर अपनी कार पीड़ितों की कार के आगे लगा दी और रास्ता रोककर तीन लोगों को घेर लिया। गाली-गलौज के बाद लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। विरोध करने पर हमलावरों ने ईंट-पत्थर बरसाकर कार में भी जमकर तोड़फोड़ कर फ़रार हो गए। पीड़ित ने शनिवार दोपहर 3:50 बजे घटना की जानकारी दी। सनिगवां निवासी प्रॉपर्टी डीलर सौरभ मौर्या के मुताबिक, शुक्रवार रात वह अपने साथी सुनील कुमार और डॉ. अनिमेष कुशवाहा के साथ कार से जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में दूसरी कार को ओवरटेक करने को लेकर उनका कुछ युवकों से विवाद हो गया। उस समय मामला किसी तरह शांत हो गया, लेकिन आरोप है कि कुछ दूरी आगे पहुंचते ही आरोपियों ने अपनी कार उनकी कार के आगे लगा दी। अचानक रास्ता रोके जाने से सौरभ और उनके साथियों ने कार रोक दी। आरोप है कि कार से उतरे युवकों ने तीनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से उन पर हमला बोल दिया। मारपीट में सौरभ और सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि डॉ. अनिमेष भी हमले की चपेट में आ गए। आरोप है कि हमलावरों ने इसके बाद कार को निशाना बनाया। ईंट-पत्थर बरसाकर कार के शीशे और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त कर दिए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सौरभ और सुनील को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। सौरभ की तहरीर पर चकेरी पुलिस ने मोहित कुमार, कृष्णा ठाकुर, सौरभ सिंह, कुशार्ग सिंह उर्फ लाला समेत चार-पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)