बांदा में बूथ निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिलीं बीएलओ:आयुक्त ने मांगा स्पष्टीकरण, दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मिले 89 फार्म-6
बांदा में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के विशेष अभियान दिवस पर रविवार को आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने बांदा और तिंदवारी विधानसभा क्षेत्रों के बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान आर्य कन्या इंटर कॉलेज में तैनात बीएलओ कांती देवी अनुपस्थित मिलीं। आयुक्त ने इस पर नाराजगी जताते हुए तहसीलदार बांदा सदर को बीएलओ से स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बांदा में मिले 69 फार्म-6 आयुक्त ने बांदा विधानसभा क्षेत्र के आर्य कन्या इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज स्थित बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ की उपस्थिति जांचने के साथ मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए मिले आवेदनों की जानकारी ली। इन बूथों पर कुल 69 फार्म-6, सात फार्म-7 और 16 फार्म-8 प्राप्त हुए। तिंदवारी में 20 नए मतदाताओं के आवेदन इसके बाद आयुक्त ने तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र के कन्या पूर्व माध्यमिक कम्पोजिट विद्यालय मुंगुस, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और कन्या पूर्व माध्यमिक कम्पोजिट विद्यालय तिंदवारी स्थित बूथों का निरीक्षण किया। यहां कुल 20 फार्म-6 प्राप्त हुए। पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश आयुक्त ने अधिकारियों और बीएलओ को सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर समय से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगों और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़े जाएं। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के दौरान सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर मौजूद रहें और मतदाताओं को आवेदन प्रक्रिया में मदद करें। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)