बुलडोजर के डर से व्यापारी खुद तोड़ने लगे अपने प्रतिष्ठान:आवास विकास द्वारा पहले दिया जा चुका अल्टीमेटम, 9 दिसंबर को कोर्ट में सुनवाई
मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट प्रकरण में 9 दिसंबर को होने वाली सुनवाई से पहले आवास विकास परिषद की सख्ती का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। बुलडोजर कार्रवाई के अल्टीमेटम के बाद व्यापारी और भवन मालिक खुद ही अपने प्रतिष्ठानों और मकानों के अवैध हिस्से तोड़ने में जुट गए हैं। रविवार को शास्त्रीनगर में दिनभर कई जगह लोग अपने मकानों और दुकानों के हिस्सों को खुद ध्वस्त करते नजर आए। बाजार में जगह-जगह निर्माण तोड़ने का काम चलता रहा। दरअसल, गुरुवार को उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने सेटबैक के मानकों का पालन नहीं करने वाले 24 भूखंड मालिकों के साथ बैठक की थी। उन्होंने सभी को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए निर्देश दिए थे कि निर्धारित अवधि में अपने भवनों को सेटबैक के मानकों के अनुरूप कर लें। ऐसा नहीं करने पर आवास विकास परिषद की टीम बुलडोजर से अवैध निर्माण ध्वस्त करेगी। इस चेतावनी के बाद भवन मालिकों ने खुद ही अवैध हिस्से हटाने शुरू कर दिए हैं। आवास विकास परिषद ने पहले सेंट्रल मार्केट की 44 संपत्तियों के मालिकों को सेटबैक के मानकों के अनुसार निर्माण करने और अवैध हिस्से हटाने के निर्देश दिए थे। इनमें से 20 संपत्ति मालिकों ने मानकों के अनुसार निर्माण करा लिया है, जबकि 24 संपत्तियों में अभी काम बाकी है। इन्हीं 24 भूखंड मालिकों को बैठक में बुलाकर दो दिन का अंतिम समय दिया गया था। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया था कि अब अतिरिक्त समय नहीं मिलेगा। 9 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई सेंट्रल मार्केट प्रकरण में 9 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। इससे पहले आवास विकास परिषद को अपनी कार्रवाई और अनुपालन की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। वहीं, मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) को भी जोन-1 की 16,726 संपत्तियों के री-सर्वे की रिपोर्ट सौंपनी है। ऐसे में दोनों विभाग सुनवाई से पहले अपनी रिपोर्ट पूरी करने में जुटे हैं। आवास विकास की सख्ती और बुलडोजर कार्रवाई की आशंका के बीच अब व्यापारी खुद ही अपने प्रतिष्ठानों को तोड़कर कार्रवाई से बचने की कोशिश में जुटे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)