पीएम स्वनिधि में अलीगढ़ की राष्ट्रीय उपलब्धि:अलीगढ़ देश में दूसरे नंबर पर, 62,968 स्ट्रीट वेंडर्स को मिला 102 करोड़ का ऋण
अलीगढ़ नगर निगम ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरण में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 1 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में अलीगढ़ देश में दूसरे स्थान पर रहा है। योजना के तीन चरणों में शहर के 62,968 पथ विक्रेताओं को कुल 102.35 करोड़ रुपए का ऋण वितरित कराया गया है। इस उपलब्धि के लिए नगर निगम को 20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026 समारोह में सम्मानित किया गया। डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री और केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने पुरस्कार प्रदान किया। अलीगढ़ की ओर से उप नगर आयुक्त अमित कुमार सिंह और डूडा के परियोजना अधिकारी कौशल कुमार ने संयुक्त रूप से पुरस्कार प्राप्त किया। तीनों चरणों में बांटे 102.35 करोड़ रुपए पीएम स्वनिधि योजना के तहत अलीगढ़ में तीन चरणों में ऋण वितरण किया गया। आंकड़ों के मुताबिक, प्रथम चरण में 39,080 लाभार्थियों को 40.95 करोड़ रुपए, द्वितीय चरण में 19,452 लाभार्थियों को 39.96 करोड़ रुपए और तृतीय चरण में 4,436 लाभार्थियों को 21.44 करोड़ रुपए का ऋण दिया गया। इस तरह कुल 62,968 पथ विक्रेताओं को 102.35 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। योजना का उद्देश्य सड़क किनारे कारोबार करने वाले विक्रेताओं को आर्थिक सहायता देकर उनके कारोबार को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना है। महापौर और नगर आयुक्त ने दी बधाई शनिवार को महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने इस उपलब्धि पर नगर निगम व डूडा के अधिकारियों-कर्मचारियों, पार्षदों और योजना से जुड़े लाभार्थियों को बधाई दी। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करना शहर के लिए गर्व की बात है। यह पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। नगर आयुक्त ने कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, समर्पण और प्रभावी कार्यप्रणाली का नतीजा है। योजना के माध्यम से हजारों पथ विक्रेताओं को कारोबार आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहयोग मिला है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)