पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव, 3 घंटे चला हंगामा:बाराबंकी में परिजनों ने पुलिस-राजस्व विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया, तीखी नोकझोंक

Nov 11, 2026 - 20:54
0
पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव, 3 घंटे चला हंगामा:बाराबंकी में परिजनों ने पुलिस-राजस्व विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया, तीखी नोकझोंक
बाराबंकी के माती थाना क्षेत्र के बस्ती गांव में मनोहर की हत्या के बाद बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही उन्होंने उसे घर के बाहर रख दिया और सड़क जाम करने की तैयारी करने लगे। करीब तीन घंटे तक हंगामा और पुलिस से नोकझोंक होती रही। हालात बिगड़ने पर कई थानों की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। शाम छह बजे मनोहर का अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने हत्या के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। छज्जा निकालने को लेकर चल रहा था विवाद गांव में छज्जा निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम ठेलिया निकालने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। इसके बाद एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में करीब चार लोग घायल हो गए। इसी दौरान बांके से किए गए हमले में गंभीर चोट लगने से 38 साल के मनोहर की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। परिजनों ने पुलिस और राजस्व विभाग पर लगाए आरोप मनोहर के भाई राजेश ने आरोप लगाया कि छज्जा निकालने के विवाद की शिकायत चौकी, थाने और SP से की गई थी। इसके बावजूद पुलिस और राजस्व विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई। उनके मुताबिक, दोनों पक्षों को पाबंद कर जिम्मेदारी पूरी कर ली गई। घायल केतकी ने भी पुलिस और राजस्व टीम पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि समय रहते कार्रवाई होती तो मनोहर की जान बच सकती थी। तीन घंटे तक चला हंगामा, शाम को अंतिम संस्कार विरोध के दौरान माती थाना प्रभारी अजय त्रिपाठी ग्रामीणों से घिरे रहे। हालांकि, उन्होंने मौके पर प्रदर्शन होने से इनकार किया। हंगामे के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद किया था। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User