प्रयागराज में मनाया गया कायस्थ पाठशाला का 155वां स्थापना समारोह:155 दीपों से जगमगाया मुंशी काली प्रसाद उद्यान, संस्थापक को दी श्रद्धांजलि

Nov 28, 2026 - 22:20
0
प्रयागराज में मनाया गया कायस्थ पाठशाला का 155वां स्थापना समारोह:155 दीपों से जगमगाया मुंशी काली प्रसाद उद्यान, संस्थापक को दी श्रद्धांजलि
प्रयागराज में कायस्थ पाठशाला के 155वें स्थापना समारोह के तहत शनिवार शाम केपी इंटर कॉलेज परिसर स्थित मुंशी काली प्रसाद उद्यान में संस्थापक मुंशी काली प्रसाद कुलभास्कर को अनूठे अंदाज में श्रद्धांजलि दी गई। उनकी प्रतिमा के समक्ष 155 दीप प्रज्वलित कर संस्था की गौरवशाली विरासत और शिक्षा के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। प्रतिमा के चारों ओर बनी सीढ़ियों पर एक साथ जल उठे दीपों से पूरा उद्यान रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने दीप प्रज्वलित कर संस्थापक के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की। प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने कहा कि मुंशी काली प्रसाद कुलभास्कर का शिक्षा के प्रति समर्पण, त्याग और समाजोत्थान का संकल्प आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। 155 दीपों का प्रज्वलन केवल प्रतीकात्मक आयोजन नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने और शिक्षा की ज्योति निरंतर प्रज्वलित रखने का संकल्प है। नई पीढ़ी को संस्था के इतिहास, संस्थापक के योगदान और उनके उद्देश्यों से परिचित कराना सभी का दायित्व है। इस अवसर पर खेल प्रवक्ता उमेश कुमार खरे, एनसीसी अधिकारी कैप्टन समरजीत, मनोज कुमार सहित एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। स्थापना समारोह के तहत विद्यालय में 30 नवंबर, एक और दो दिसंबर को सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं खेलकूद संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तीन दिसंबर को संस्थापक मुंशी काली प्रसाद कुलभास्कर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User