'रामायण' पर याचिका, सुप्रीम कोर्ट का तत्काल सुनवाई से इनकार:कहा- जो देखना चाहते थे देख चुके, याचिकाकर्ता अपनी समझ से फिल्म बना सकते हैं

Nov 27, 2026 - 19:18
0
'रामायण' पर याचिका, सुप्रीम कोर्ट का तत्काल सुनवाई से इनकार:कहा- जो देखना चाहते थे देख चुके, याचिकाकर्ता अपनी समझ से फिल्म बना सकते हैं
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत फिल्म 'रामायण: पार्ट-1' के खिलाफ दायर जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। याचिका में महर्षि वाल्मीकि की रामायण के मूल तथ्यों से कथित छेड़छाड़ और भ्रामक प्रचार के जरिए दर्शकों से धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए तुरंत सुनवाई की मांग की गई थी। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने फिल्म के रिलीज हो जाने का हवाला दिया, जबकि जस्टिस बागची ने कहा कि यदि याचिकाकर्ता की अलग समझ है तो वे भी फिल्म बना सकते हैं। सीजेआई बोले- जो देखना चाहते थे देख चुके सुनवाई के दौरान सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि फिल्म पहले ही रिलीज हो चुकी है और जो लोग इसे देखना चाहते थे, वे देख चुके हैं। याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी कि फिल्म में कई तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। पीठ ने वकील से स्पष्ट कहा कि अदालत का समय बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए। 23 नवंबर को दाखिल की गई थी जनहित याचिका यह मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर द्वारा दायर जनहित याचिका से जुड़ा है, जो 23 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई थी। याचिका में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के साथ-साथ फिल्म से जुड़े कई पक्षों को प्रतिवादी बनाया गया है। इनमें प्राइम फोकस स्टूडियोज, मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स, निर्माता नमित मल्होत्रा व यश, निर्देशक नितेश तिवारी तथा लेखक श्रीधर राघवन व श्रेयस जैन के नाम शामिल हैं। वाल्मीकि रामायण से भिन्नता का आरोप याचिकाकर्ता का आरोप है कि फिल्म का प्रचार महर्षि वाल्मीकि की रामायण पर आधारित बताकर किया गया, जबकि इसमें कई बातें मूल ग्रंथ के तथ्यों से अलग हैं। याचिका में यह दलील भी दी गई कि इस मुद्दे को केवल धार्मिक भावनाओं से नहीं जोड़ा जाना चाहिए, बल्कि इसे कथित व्यावसायिक धोखाधड़ी के पहलू से भी देखा जाना चाहिए। रामायण की कमाई 1,777 करोड़ पार 'रामायण: पार्ट-1' ने 25 नवंबर को अपने 22वें दिन भारत में अनुमानित 9.65 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया, जिससे इसका घरेलू नेट कलेक्शन 992.10 करोड़ रुपए और वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,777 करोड़ रुपए पहुंच गया। इस प्रदर्शन के साथ यह अब तक की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है, और इसके आज 'बाहुबली 2' के 1,788.06 करोड़ रुपए के लाइफटाइम ग्रॉस को पीछे छोड़ने की संभावना है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण: पार्ट-1' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं। यह फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User