अमेरिकी वायुसेना के क्लाउड सिस्टम में हैकर्स ने सेंध लगाई:इसमें एयर डिफेंस, मिसाइलों और सैन्य विमानों का डेटा मौजूद; सिस्टम के कई काम रुके

Nov 27, 2026 - 18:48
0
अमेरिकी वायुसेना के क्लाउड सिस्टम में हैकर्स ने सेंध लगाई:इसमें एयर डिफेंस, मिसाइलों और सैन्य विमानों का डेटा मौजूद; सिस्टम के कई काम रुके
अमेरिकी वायुसेना के क्लाउड कंप्यूटिंग सिस्टम क्लाउड वन को हैकर्स ने निशाना बनाया है। इस सिस्टम में एयर डिफेंस रडार, सैन्य विमानों, मिसाइलों, जवानों के रिकॉर्ड और सैन्य साजो-सामान से जुड़ी अहम जानकारियां मौजूद हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, करीब एक महीने पहले सिस्टम को अपग्रेड करने के दौरान हैकिंग का पता चला था। इसके बाद से क्लाउड वन के कई काम प्रभावित हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी सेना की साइबर कमांड जांच कर रही है। वह पता लगा रही है कि हैकर्स सिस्टम में कितनी दूर तक पहुंचे और उन्होंने क्या-क्या जानकारी हासिल की। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि हैकर्स कौन हैं और क्या उन्होंने कोई डेटा चुराया है। अमेरिकी वायुसेना ने भी इस मामले में ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया है। माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन और गूगल की तकनीक से बना है सिस्टम क्लाउड वन की शुरुआत 2017 में हुई थी। इसे अमेरिकी वायुसेना के अलग-अलग आईटी सिस्टम को एक जगह लाने के लिए बनाया गया था। इसमें माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, ओरेकल और गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट की क्लाउड सेवाओं का इस्तेमाल होता है। इस सिस्टम पर जवानों का रिकॉर्ड, उनकी सैलरी, सैन्य सामान और विमानों की मरम्मत से जुड़ी जानकारियां रखी जाती हैं। इसके दो सिस्टम काफी अहम हैं। 1. क्लाउड बेस्ड कमांड एंड कंट्रोल: यह पूरे उत्तरी अमेरिका के एयर डिफेंस रडार से मिलने वाली जानकारियां एक जगह जुटाता है। 2. थिएटर इंटीग्रेटेड कॉम्बैट म्यूनिशन सिस्टम: यह दुनिया भर में अमेरिकी वायुसेना के 200 से ज्यादा ठिकानों पर रखे बमों और मिसाइलों का हिसाब रखता है। हैकिंग के बाद कई काम रोकने पड़े सिस्टम में सेंध का पता चलने के बाद अमेरिकी वायुसेना ने कई काम रोक दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुराने सैन्य एप्लिकेशन को क्लाउड वन पर शिफ्ट करने का काम फिलहाल रोक दिया गया है। इसके अलावा, इस सिस्टम पर पहले से चल रहे एप्लिकेशन को अपडेट करने पर भी रोक लगा दी गई है। इसका मतलब है कि कर्मचारी सॉफ्टवेयर में सामने आई नई सुरक्षा खामियों को ठीक करने वाले अपडेट भी फिलहाल नहीं लगा पा रहे हैं। कुछ यूजर्स के एडमिनिस्ट्रेटर अधिकार भी वापस ले लिए गए हैं। सिस्टम के कंट्रोल सेंटर तक पहुंचे हैकर्स मामले से जुड़े एक सूत्र ने रॉयटर्स को बताया कि, हैकर्स ने सॉफ्टवेयर की एक कमजोरी का फायदा उठाकर सिस्टम के कंट्रोल प्लेन तक पहुंच बनाई। इसे पूरे क्लाउड सिस्टम का कंट्रोल सेंटर समझ सकते हैं। इस तक पहुंच मिलने पर हैकर्स सैन्य विमानों की स्थिति और उनके लिए जरूरी स्पेयर पार्ट्स कहां भेजे जा रहे हैं, जैसी जानकारियां देख सकते थे। हालांकि, अभी यह पता नहीं चला है कि हैकर्स ने वास्तव में इन जानकारियों को देखा या उनका इस्तेमाल किया। यह भी साफ नहीं है कि उन्होंने सिस्टम की किस कमजोरी का फायदा उठाया। अमेरिकी वायुसेना ने सुरक्षा पर कुछ नहीं बताया अमेरिकी वायुसेना ने रॉयटर्स को बताया कि वह किसी खास नेटवर्क या सिस्टम की सुरक्षा और उसकी कमजोरियों पर जानकारी नहीं देती। विभाग के मुताबिक, अमेरिकी वायुसेना अपने डेटा, सिस्टम और सैन्य क्षमताओं को सुरक्षित रखने के लिए लगातार कदम उठाती रहती है। क्लाउड वन अमेरिकी सेना के सबसे बड़े क्लाउड सिस्टम में से एक है। इसके अधिकारियों ने 2023 में दावा किया था कि इस पर हैकिंग की बड़ी संख्या में कोशिशें हुईं, लेकिन सभी को नाकाम कर दिया गया था। उन्होंने कहा था कि सुरक्षा के मामले में गलती की कोई गुंजाइश नहीं है। यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिकी सरकार के कई दूसरे विभाग भी साइबर हमलों का सामना कर रहे हैं। हाल के दिनों में FBI के दो सिस्टम, पेंटागन का डेटा, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के कर्मचारियों की जानकारी, दो खुफिया एजेंसियों और ट्रेजरी विभाग से जुड़े सिस्टम में भी सेंध लगने की खबरें सामने आई हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User