राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में यूपी बना चैंपियन, झारखंड उपविजेता:पेनाल्टी शूटआउट और सडेन डेथ के बाद मिसकंडक्ट पर फैसला; पंजाब ने जीता कांस्य पदक

Nov 06, 2026 - 20:38
0
राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में यूपी बना चैंपियन, झारखंड उपविजेता:पेनाल्टी शूटआउट और सडेन डेथ के बाद मिसकंडक्ट पर फैसला; पंजाब ने जीता कांस्य पदक
बलिया में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता के खिताब पर मेजबान उत्तर प्रदेश की टीम ने कब्जा जमाया। शुक्रवार सुबह 9 बजे से टूर्नामेंट शुरू हुआ और समापन साढ़े 5 बजे हुआ। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम के मैदान पर अंडर-17 का फाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश और झारखंड के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। अतिरिक्त समय और टाईब्रेकर में भी फैसला नहीं हुआ। इसके बाद सडेन डेथ में भी मुकाबला बराबरी पर रहा। निर्णायक मंडल ने झारखंड की टीम के मिसकंडक्ट के कारण उत्तर प्रदेश को विजेता और झारखंड को उपविजेता घोषित किया। अतिरिक्त समय और टाईब्रेकर में भी नहीं निकला नतीजा शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 रहा। इसके बाद अतिरिक्त समय दिया गया, लेकिन उसमें भी कोई टीम गोल नहीं कर सकी। टाईब्रेकर में दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद सडेन डेथ में भी स्कोर 1-1 रहा। अंत में निर्णायक मंडल ने झारखंड टीम के मिसकंडक्ट के आधार पर उत्तर प्रदेश को विजेता घोषित किया। पंजाब ने पश्चिम बंगाल को हराकर जीता कांस्य रामदहीन सिंह इंटर कॉलेज, आमघाट में कांस्य पदक के लिए मुकाबला खेला गया। इसमें पंजाब की टीम ने पश्चिम बंगाल को 4-3 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में मेजबान उत्तर प्रदेश ने पश्चिम बंगाल को 1-0 से हराया था। वहीं, झारखंड ने पंजाब को 3-2 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी। डीएम ने विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह करीब 9 बजे हुआ, जबकि समापन शाम करीब 5:30 बजे हुआ। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति की प्रशंसा की। साथ ही खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। परिवहन मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में सीमित संसाधनों के बावजूद आयोजन समिति के सदस्यों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि बलिया में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की यह नींव है। इनकी रही मौजूदगी प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अमल कुंवर, मोहम्मद गयासुद्दीन, अजय यादव, मेहरुद्दीन, शनि कुमार, सौरभ कुमार, अजीत सिंह, चंद्रकांत राय, राजू कुमार, मोहम्मद अशफाक, संजय साहनी, धर्मवीर प्रजापति, रवि शर्मा, हाजी मुनव्वर, मनोज तिवारी, उपेंद्र शुक्ला, नवनीत और विशाल कुमार ने निभाई। इस दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ डॉ. राजेश आर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह, क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, प्रतियोगिता समन्वयक दिनेश कुमार सिंह, सह समन्वयक अरविंद कुमार सिंह, पंकज सिंह, फील्ड ऑफिसर द्रोणवीर सिंह यादव, टेक्निकल डायरेक्टर अश्विनी यादव सहित आयोजन समिति के सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User