साइबर ठगों ने दो खातों से 15.99 लाख निकाले:कानपुर में 13 से 19 नवंबर के बीच दो बैंक खातों से 10 से ज्यादा ट्रांजेक्शन किए

Nov 28, 2026 - 22:37
0
साइबर ठगों ने दो खातों से 15.99 लाख निकाले:कानपुर में 13 से 19 नवंबर के बीच दो बैंक खातों से 10 से ज्यादा ट्रांजेक्शन किए
कानपुर के साइबर ठगों ने चकेरी के न्यू आजाद नगर निवासी एक व्यक्ति के दो बैंक खातों में सेंध लगाकर 15 लाख 99 हजार 985 रुपये पार कर दिए। शातिरों ने बेहद शातिराना अंदाज में छह दिनों तक खातों से रकम निकाली, लेकिन पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी। 13 नवंबर से 19 नवंबर के बीच आईसीआईसीआई और केनरा बैंक के खातों से 10 से अधिक बार अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए। दोनों खातों से लगातार लाखों रुपये निकलते रहे और पीड़ित इससे बेखबर रहा। जब उसे रुपयों की जरूरत पड़ी और वह बैंक से रकम निकालने पहुंचा तो खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं मिला। बैंक से ट्रांजेक्शन का विवरण निकलवाने पर छह दिनों के भीतर हुई लाखों रुपये की निकासी का खुलासा हुआ। खाते से इतनी बड़ी रकम गायब होने की जानकारी मिलते ही पीड़ित के होश उड़ गए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ साइबर क्राइम थाने में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत दी है। न्यू आजाद नगर निवासी शिवबहादुर के मुताबिक उनका आईसीआईसीआई बैंक में बचत खाता है। साइबर ठगों ने 13 नवंबर से 19 नवंबर के बीच इस खाते को निशाना बनाया। इस दौरान अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से कुल 10 लाख पांच हजार 533 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित को न तो किसी ट्रांजेक्शन का मैसेज समझ में आया और न ही खाते से लगातार हो रही निकासी की जानकारी हो सकी। इसी दौरान साइबर ठगों ने उनके दूसरे बैंक खाते को भी निशाना बना लिया। केनरा बैंक के बचत खाते से भी इसी अवधि में पांच लाख 94 हजार 452 रुपये निकाल लिए गए। इस तरह दोनों खातों से कुल 15 लाख 99 हजार 985 रुपये पार कर दिए गए। दो बैंकों में जमा रकम पर एक साथ किया हाथ साफ पीड़ित के मुताबिक उन्होंने किसी को भी रुपये ट्रांसफर नहीं किए थे और न ही किसी अनजान व्यक्ति को रकम भेजने की अनुमति दी थी। इसके बावजूद दोनों खातों से लगातार रकम निकलती रही। खास बात यह है कि साइबर ठगों ने एक ही बैंक खाते से नहीं, बल्कि दो अलग-अलग बैंकों के खातों को निशाना बनाया। छह दिनों तक चले इस खेल में 10 से अधिक बार ट्रांजेक्शन किए गए। पीड़ित को इसकी जानकारी तब हुई, जब उन्हें रुपयों की जरूरत पड़ी और वह बैंक से पैसे निकालने पहुंचे। खाते में रकम कम होने पर उन्होंने बैंक कर्मचारियों से जानकारी मांगी। इसके बाद ट्रांजेक्शन का विवरण सामने आया तो पता चला कि दोनों खातों से लाखों रुपये निकाले जा चुके हैं। 1930 पर शिकायत, साइबर थाने में कार्रवाई की मांग दो अलग-अलग बैंक खातों से इतनी बड़ी रकम गायब होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस अब बैंक खातों से हुए ट्रांजेक्शन का ब्योरा जुटाकर रकम के आगे के लेनदेन की जानकारी करने में लगी है। किन खातों में पहुंची रकम, इसकी पड़ताल में जुटी पुलिस साइबर थाना प्रभारी अभय सिंह के मुताबिक मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। दोनों बैंक खातों से हुए ट्रांजेक्शन का विवरण जुटाया जा रहा है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रकम किन-किन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। संबंधित बैंकों से लेनदेन की जानकारी लेकर रकम के ट्रेल का पता लगाया जा रहा है। जांच के आधार पर साइबर ठगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User