रोहन राठी के घर पहुंचे राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल:बंद कमरे में परिजनों से मुलाकात, बोले- दोषी कोई भी हो, कार्रवाई तय
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरेटी गांव में रोहन राठी हत्याकांड को लेकर रविवार दोपहर करीब 2 बजे राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने रोहन के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और घटना को लेकर परिवार की ओर से उठाए जा रहे सवालों और आशंकाओं की जानकारी ली। इसके बाद मंत्री ने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच और अब तक की कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। परिजनों ने मंत्री के सामने रखीं आशंकाएं रोहन के परिजनों ने घटना से जुड़े कई सवाल और अपनी आशंकाएं मंत्री के सामने रखीं। परिवार ने जांच में सामने आए तथ्यों के साथ घटना के पीछे के उद्देश्य और संभावित अन्य पहलुओं को लेकर भी सवाल उठाए। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जांच में किसी भी तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों से जांच की प्रगति जानी मुलाकात के बाद कपिलदेव अग्रवाल ने एसएसपी संजय कुमार वर्मा और संबंधित पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने अब तक सामने आए तथ्यों, साक्ष्यों और पुलिस कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों से घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहराई से जांच करने को कहा। 24 सितंबर को खेत में मिला था शव 24 सितंबर को हरेटी गांव के पास खेत में 20 वर्षीय रोहन राठी का शव मिला था। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। आरोपियों के कब्जे से वाहन, मोटरसाइकिल, अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पांच सदस्यीय एसआईटी कर रही जांच मामले की जांच के लिए पुलिस ने पांच सदस्यीय एसआईटी गठित की है। टीम की अध्यक्षता एसपी सिटी अमृत जैन कर रहे हैं। इसमें सीओ सदर सुनील कुमार, सर्विलांस सेल प्रभारी रवेंद्र सिंह, एसओजी प्रभारी मोहित सिंह, छपार थानाध्यक्ष मोहित कुमार और पुरकाजी थानाध्यक्ष मानवेन्द्र भाटी शामिल हैं। मंत्री बोले- दोषी के खिलाफ होगी कार्रवाई कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जांच में लापरवाही नहीं बरतने और सभी तथ्यों की गंभीरता से पड़ताल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)