शाहजहांपुर में बारिश से 8 कच्चे मकान गिरे:पहले ही परिवार सुरक्षित जगहों पर चले गए थे, घरेलू सामान हुआ खराब

Sep 27, 2026 - 16:08
0
शाहजहांपुर में बारिश से 8 कच्चे मकान गिरे:पहले ही परिवार सुरक्षित जगहों पर चले गए थे, घरेलू सामान हुआ खराब
शाहजहांपुर के आलमपुर गांव में लगातार बारिश के कारण रविवार सुबह करीब चार बजे आठ कच्चे मकान गिर गए। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई भी परिवार घर के अंदर नहीं था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। ग्राम प्रधान ने दो दिन पहले ही सभी परिवारों को बारिश के खतरे को लेकर सचेत कर दिया था। इसके बाद सभी लोग सुरक्षित जगहों पर चले गए थे। मोरपाल और नेत्रपाल समेत आठ परिवारों के मकान गिरे हैं। उनका घरेलू सामान भी खराब हो गया। ग्राम प्रधान ने बेघर हुए मोरपाल और नेत्रपाल को पंचायत घर में ठहराया है। आलमपुर निवासी रामकुमार, कांता, राखी, कांति देवी, अनीता, सुनीता, मोरपाल और नेत्रपाल के कच्चे मकान लगातार बारिश के कारण धराशायी हो गए। आर्थिक मदद और आवास की मांग की मकान गिरने से परिवारों का घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ है। मोरपाल और नेत्रपाल के पास फिलहाल रहने की कोई जगह नहीं बची है। ऐसे में ग्राम प्रधान ने दोनों परिवारों को पंचायत घर में रहने की व्यवस्था कराई है। ग्राम प्रधान और लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक मदद और आवास की मांग की है। प्रधान पति सोनू गुप्ता ने बताया कि जिन लोगों के कच्चे मकान बारिश में गिरे हैं, उनके नाम आवास सूची में शामिल हैं। अभी आवास निर्माण का लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। लक्ष्य आते ही सभी पात्र परिवारों के आवास बनवाने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। इस संबंध में जब प्रशासन का पक्ष जानने के लिए एसडीएम तिलहर और एडीएम एफआर अरविंद कुमार से उनके सीयूजी नंबर पर बात करने की कोशिश की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User