फर्जी कर्मचारियों के नाम पर सरकारी धन का गबन:मिर्जापुर में दो और आरोपी अरेस्ट, 4.43 लाख कैश मिला, अब तक 6 लोग पकड़ाए
मिर्जापुर में नहर विभाग में फर्जी कर्मचारियों के नाम पर सरकारी धनराशि के गबन के मामले में पुलिस ने रविवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर डोंगल और डिजिटल सिग्नेचर का दुरुपयोग किया। इसके जरिए विभाग में अस्तित्वहीन कर्मचारियों के नाम पर उनके परिचितों और रिश्तेदारों के बैंक खातों में सरकारी रकम भेजी गई। मामले में पहले चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। अब कुल छह आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार ने कोतवाली शहर में तहरीर दी थी। इसमें विभाग के कुछ अज्ञात कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जी अभिलेख तैयार करने और डिजिटल सिग्नेचर का दुरुपयोग कर सरकारी धनराशि का गबन करने का आरोप लगाया गया था। शिकायत के मुताबिक, ऐसे कर्मचारियों के नाम पर भुगतान कराया गया, जिनका विभाग में कोई अस्तित्व नहीं था। इसके बाद रकम परिचितों और रिश्तेदारों के बैंक खातों में भेज दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। ट्रॉली बैग में मिलीं मुहरें और लाभार्थियों की सूची पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ट्रॉली बैग बरामद किया। इसमें अधिशासी अभियंता की दो मुहरें, राइटिंग पैड, कार्बन पेपर, इंक पैड, पेन और पेंसिल मिलीं। इसके अलावा लाभार्थियों की हस्तलिखित सूचियां भी बरामद हुईं। इनमें 90 क्रमांक तक की सूची के आठ पन्ने, लेनदेन का 93 पन्नों का विवरण और नामों से संबंधित 31 पन्नों के अभिलेख शामिल हैं। पुलिस को विभिन्न गांवों की खतौनी, परिचय पत्र, आधार कार्ड और चार सिम कार्ड भी मिले हैं। घर से 4.43 लाख रुपये और प्रिंटर बरामद पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र कुमार की निशानदेही पर उसके घर से एचपी प्रिंटर, तीन पेनड्राइव, दो स्मार्टफोन और 4 लाख 43 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)