देवरिया में युवती को खींचने के आरोप पर हंगामा:युवक को बचाने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा अतिरिक्त बल, सुरक्षित निकालकर थाने ले गई

Nov 29, 2026 - 21:47
0
देवरिया में युवती को खींचने के आरोप पर हंगामा:युवक को बचाने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा अतिरिक्त बल, सुरक्षित निकालकर थाने ले गई
देवरिया के भटनी थाना क्षेत्र में युवती को बांह पकड़कर खींचने के आरोप के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। युवती के परिजनों ने आरोपी युवक को पकड़ने की कोशिश की तो मौके पर भीड़ जुट गई। कुछ लोग युवक को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगे, जबकि कुछ लोग उसके साथ मारपीट पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। पुलिसकर्मियों ने भीड़ के बीच से युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया। घटना रविवार शाम करीब छह बजे की है। इसके बाद इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। युवती के परिजनों ने युवक को पकड़ने के लिए दौड़ाया जानकारी के मुताबिक, युवती को बांह पकड़कर खींचने के आरोप के बाद उसके परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आसपास के लोग भी जुटने लगे। कुछ लोग युवक को बचाने के लिए बीच में आ गए, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों को युवक के साथ मारपीट होने की आशंका हुई तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। भीड़ के बीच फंसा युवक, अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया सूचना मिलते ही घांटी चौकी प्रभारी राहुल दुबे, उपनिरीक्षक राधेश्याम सेहरा और सिपाही भारतेन्दु राय व अखिलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय भीड़ में कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करने की कोशिश कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने भटनी थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। अतिरिक्त फोर्स पहुंचने के बाद पुलिस ने भीड़ के बीच से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और थाने ले गई। युवती के परिजनों ने थाने में दी तहरीर घटना के बाद युवती के परिजनों ने थाने पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस के समय पर पहुंचने और अतिरिक्त बल बुलाए जाने से स्थिति बिगड़ने से बच गई। तहरीर के आधार पर जांच कर रही पुलिस थानाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। युवक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है। युवती के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User