साइबर ठगी के शिकार युवक को ₹39,344 वापस मिले:कौशाम्बी में UPI के जरिए हुई थी धोखाधड़ी, साइबर सेल ने पैसे कराए थे होल्ड
कौशाम्बी पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठगी के शिकार एक युवक को राहत दिलाई है। पुलिस ने UPI के जरिए ठगी गई रकम में से 39,344 रुपए पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए हैं। बाकी रकम वापस कराने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस के मुताबिक, पिपरी थाना क्षेत्र के कसेंदा निवासी दानिश मजहर पुत्र मजहर लाईक के साथ बीते मई महीने में UPI के माध्यम से 78,474 रुपए की साइबर धोखाधड़ी हुई थी। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने तत्काल नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी। 70,458 रुपए कराए गए थे होल्ड शिकायत मिलने के बाद कौशाम्बी पुलिस की साइबर सेल और साइबर क्राइम थाने की टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 70,458 रुपए विभिन्न बैंक खातों में होल्ड (फ्रीज) करा दिए, ताकि साइबर अपराधी रकम निकाल न सकें। इसी क्रम में MRM पोर्टल के माध्यम से मंगलवार को 39,344 रुपए पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए। साइबर थाना प्रभारी के मुताबिक, होल्ड कराई गई शेष धनराशि भी पीड़ित के खाते में वापस कराने की प्रक्रिया जारी है। साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें कॉल कौशाम्बी साइबर क्राइम थाने ने आम लोगों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर भी शिकायत की जा सकती है। पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी भी तरह के लालच में आकर अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करने की सलाह दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)