सड़क हादसे में भाई के बाद बहन की भी मौत:सीतापुर में B.Sc की परीक्षा देने जा रही थी, बस से टकराई थी बाइक
सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र में 24 घंटे पहले हुए सड़क हादसे में बीएससी की परीक्षा देने जा रही सोनम की भी गुरुवार रात करीब 9 जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। गुरुवार सुबह निजी बस के नीचे बाइक घुसने से उसके भाई विकास की मौके पर ही मौत हो गई थी। भाई-बहन की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अब परिवार में माता-पिता के अलावा महज 10 साल की एक बेटी शिवानी बची है। हादसे के बाद से गांव में भी मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, संदना थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव निवासी रामप्रकाश का बेटा विकास (22) गुरुवार को अपनी 20 वर्षीय बहन सोनम को बीएससी की परीक्षा दिलाने बाइक से मिश्रिख जा रहा था। दोनों भाई-बहन लौली पुलिया के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से मिश्रिख की ओर से सिधौली जा रही एक निजी बस से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई और बस के नीचे जा घुसी। हादसे में विकास और सोनम दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर संदना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को अपनी जीप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोंदलामऊ पहुंचाया। सीएचसी अधीक्षक धीरज मिश्रा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सोनम की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन सोनम को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन देर शाम करीब 9 बजे उसने भी दम तोड़ दिया। कुछ ही घंटों के अंतराल में भाई-बहन की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों के मुताबिक, अब परिवार में माता-पिता के साथ केवल 10 साल की छोटी बेटी शिवानी ही बची है। उधर, हादसे की सूचना पर पुलिस ने बस और दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। प्रभारी निरीक्षक प्रिंस सोनकर ने बताया कि तहरीर मिलने के केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)