झांसी में पत्नी की हत्या के आरोपी ने सुसाइड किया:भाई बोला- समझौते के नाम पर 2 बीघा जमीन लिखवाई, बाकी नहीं देने पर टॉर्चर किया

Nov 27, 2026 - 07:55
0
झांसी में पत्नी की हत्या के आरोपी ने सुसाइड किया:भाई बोला- समझौते के नाम पर 2 बीघा जमीन लिखवाई, बाकी नहीं देने पर टॉर्चर किया
मेरे चचेरे भाई का नाम लालजी पाल था। वह कमाने के लिए आंध्र प्रदेश गया था। वहां पत्नी कौशल्या की हत्या हो गई। पुलिस ने लालजी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। एक साल बाद वो जमानत पर बाहर आया और गांव आ गया। कौशल्या के मायके वालों ने समझौते के बहाने बेटे के नाम दो बीघा जमीन करा ली। अब बाकी की ढाई बीघा जमीन भी मांगने लगे। बात नहीं मानने पर जेल भिजवाने की धमकी देकर मानसिक रूप से टॉर्चर किया। परेशान होकर मेरे भाई ने फांसी लगाकर जान दे दी। यह कहना है झांसी के रामबिहारी पाल का। जिनके चचेरे भाई लालजी पाल (36) ने बुधवार रात को सुसाइड कर लिया। गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के आरोपों की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला समथर के मंगरोरा गांव का है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए समथर के मंगरोरा गांव निवासी रामबिहारी पाल ने बताया- मेरा भाई लालजी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी 4 बहनों की शादी हो चुकी है। पिता चन्नू पाल की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। मेरे भाई लालजी की शादी कौशल्या से हुई थी। उनकी 16 साल की एक बेटी और 12 साल का एक बेटा है। अभी दोनों अपने मामा के घर रहते हैं। कौशल्या का मामा आंध्र प्रदेश में पानीपुरी का काम करता था। वो 10 साल पहले लालजी पाल और उसकी पत्नी कौशल्या को आंध्र प्रदेश ले गया। वहां जाने के बाद पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने लगा। एक दिन कौशल्या की हत्या हो गई। इसका आरोप मेरे भाई लालजी पाल पर लगाया गया। एक साल तक जेल में रहा रामबिहारी पाल ने आगे बताया- आंध्र प्रदेश पुलिस ने मेरे भाई को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। इसके बाद लालजी के दोनों बच्चों को नाना-मामा अपने घर ले गए थे। लगभग एक साल बाद लालजी जेल से बाहर आ गया। आरोप है कि कौशल्या के मायके वाले बेटे के नाम जमीन कराने की बात कहने लगे। ऐसे में लालजी की मां मेवारानी ने अपनी दो बीघा जमीन पोते के नाम कर दी। बाकी लगभग ढाई बीघा जमीन लालजी के नाम थी। अब वो ये जमीन भी बेटे के नाम कराने की बात कहने लगे। लालजी ने मना कर दिया। लालजी ने उनको समझाया कि अभी वो और उसकी मां जिंदा है। बिना जमीन के उनका खर्चा कैसे चलेगा। उसके मरने के बाद जमीन अपने आप ही बेटे के नाम हो हो जाएगी। तब कौशल्या के मायके वाले नहीं माने और जेल भिजवाने की बात कहकर टॉर्चर करने लगे। इस वजह से लालजी परेशान रहने लगा। चाची की त्रयोदशी के दिन फांसी लगाई रामबिहारी ने आगे बताया- बुधवार को चाची की त्रयोदशी थी। सारे घरवाले व्यस्त थे। घर पर लालजी और उसकी मां मेवारानी थी। लालजी ने मां को नहाने के लिए भेज दिया। इसके बाद कमरा अंदर से लॉक करके वह गेट के ऊपर बने रोशनदान में साड़ी से फंदा बनाकर झूल गया। थोड़ी देर बाद मां नहाकर लौटी तो लालजी ने गेट नहीं खोला। खिड़की से झांककर देखा तो लालजी फंदे पर लटका था। यह देखकर मां की चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User