शामली में 102 सेक्टर और 12 जोन बनाए:बैठक में गैरहाजिर सिंचाई विभाग के इंजीनियर का वेतन रोका, मतदान केंद्रों की जांच के निर्देश

Nov 26, 2026 - 08:24
0
शामली में 102 सेक्टर और 12 जोन बनाए:बैठक में गैरहाजिर सिंचाई विभाग के इंजीनियर का वेतन रोका, मतदान केंद्रों की जांच के निर्देश
शामली में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को नवीन पुलिस लाइन स्थित नटराज प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण वर्मा की अध्यक्षता में जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेटों और सेक्टर पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जिले में चुनाव के लिए बनाए गए 102 सेक्टर और 12 जोन के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सभी अधिकारी अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाएं और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयारियां समय से पूरी करें। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का संयुक्त भ्रमण कर मूलभूत सुविधाओं का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति जांचने को कहा। किसी केंद्र पर कमी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए, ताकि मतदान से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा सकें। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील (वल्नरेबल) क्षेत्रों और वहां स्थित मतदान केंद्रों को चिन्हित करने पर जोर दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्वाचन आयोग की बुकलेट और निर्धारित प्रारूप अपने पास रखने तथा उनका अध्ययन करने के निर्देश दिए, जिससे चुनाव के दौरान किसी भी परिस्थिति में जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जा सके। बैठक में अनुपस्थित अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश बैठक में जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुपस्थित रहे। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों को वल्नरेबल क्षेत्रों की पहचान, चुनाव के दौरान संभावित चुनौतियों और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस की भूमिका और आवश्यक सतर्कता पर जोर दिया।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी तथा नियुक्त जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User