शामली में एक्यूआई 284 पर पहुंचा:दिन का तापमान 25 डिग्री पर स्थिर, न्यूनतम 11 डिग्री; सुबह-शाम धुंध
शामली। मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच जिले में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को दिन में एक्यूआई 97 दर्ज किया गया था, जबकि शाम को यह बढ़कर 147 पर पहुंच गया। बुधवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 284 दर्ज होने से प्रदूषण में अचानक बढ़ोतरी हुई है। हवा की गुणवत्ता में इस बदलाव के बीच रात और सुबह के समय ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। मंगलवार को सुबह जिले का एक्यूआई 97 रहा था, जो सोमवार के 93 से चार अंक अधिक था। वहीं, मंगलवार शाम को एक्यूआई 147 दर्ज किया गया। बुधवार सुबह एक्यूआई 284 पर पहुंच गया। एक दिन के भीतर प्रदूषण के स्तर में यह तेज उछाल दर्ज किया गया है। मौसम के तापमान में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से घटकर 11 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। रात में तापमान गिरने से ठंड का असर बढ़ रहा है। सुबह और शाम के समय हल्की धुंध भी दिखाई दे रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ की मौसम वैज्ञानिक श्वेता सिंह के अनुसार, नवंबर के अंतिम सप्ताह में तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ ठंड बढ़ रही है। रात का तापमान गिरने से सुबह और शाम ठंड अधिक महसूस हो रही है। हवा की गति कम रहने पर धूल और प्रदूषक कण वातावरण में जमा हो सकते हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ने की संभावना रहती है। वहीं, हवा चलने से प्रदूषक कणों के फैलाव में मदद मिलती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)