सहारनपुर में 40 घंटे तक सड़क पर रखा रहा शव:विधायक के आश्वासन पर माने परिजन, पत्नी को नौकरी, बच्चों की पढ़ाई का भरोसा दिया

Nov 11, 2026 - 20:21
0
सहारनपुर में 40 घंटे तक सड़क पर रखा रहा शव:विधायक के आश्वासन पर माने परिजन, पत्नी को नौकरी, बच्चों की पढ़ाई का भरोसा दिया
सहारनपुर के चौरीमंडी गांव में राजपाल उर्फ राजू की हत्या के बाद परिजनों ने करीब 40 घंटे तक अंतिम संस्कार नहीं किया। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और आर्थिक मदद की मांग को लेकर परिजनों ने शव सड़क पर रख दिया। बुधवार को विधायक मुकेश चौधरी और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ। विधायक ने अपनी ओर से परिवार को तत्काल एक लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही मृतक की पत्नी को आउटसोर्सिंग के जरिए नगर निगम में नौकरी दिलाने और दोनों बच्चों की मुफ्त पढ़ाई की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। परिवार को पांच बीघा जमीन का पट्टा दिलाने की बात भी कही गई। डीएम की ओर से भी एक लाख रुपए की आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिया गया। 24 से 48 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन परिजनों के विरोध की सूचना पर विधायक मुकेश चौधरी, एसडीएम सदर विकास कुमार पांडेय और सीओ सदर पवन कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हत्यारोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कराने का आश्वासन दिया। वहीं, परिजनों को विधायक और अधिकारियों की ओर से 24 घंटे में गिरफ्तारी का भरोसा भी दिया गया। इसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार किया। इस दौरान गांव में पुलिस बल तैनात रहा। सपा नेता भी अंतिम यात्रा में हुए शामिल सपा नेता साहिल खान भी राजू कश्यप की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धांजलि देते हुए प्रशासन से हत्याकांड की निष्पक्ष और जल्द जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए। सोमवार रात घर से निकले थे राजू, सुबह मिला था शव चौरीमंडी निवासी 35 वर्षीय राजपाल उर्फ राजू पुत्र रामलाल सोमवार रात करीब एक बजे घर से निकले थे। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे उनका लहूलुहान शव हैदरपुर-भिखनपुर मार्ग पर सड़क किनारे मिला था। उनके सिर और शरीर पर चोटों के कई निशान थे। शव के पास मोबाइल और पर्स भी पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की और हत्या की आशंका जताई। मृतक के भाई संजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी। राजू हरियाणा के यमुनानगर स्थित एक निजी फैक्ट्री में ठेकेदारी करते थे। वह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। पिता की मौत से तीनों बच्चों के सिर से साया उठ गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User