स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत:मेरठ में ट्रैक्टर का पहिया दोनों के ऊपर से गुजरा; शकील की तीन और मोनिश की एक बेटी है

Nov 23, 2026 - 22:21
0
स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत:मेरठ में ट्रैक्टर का पहिया दोनों के ऊपर से गुजरा; शकील की तीन और मोनिश की एक बेटी है
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक दिनभर मेहनत-मजदूरी करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। शोभापुर चौकी के पास डिवाइडर रोड पर पीछे से आई एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में साइड मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर का पहिया दोनों के ऊपर से उतर गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत फरार हो गया, जबकि ट्रैक्टर चालक भी ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फरार चालकों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, जानी थाना क्षेत्र के गांव अफजलपुर पावटी निवासी शकील पुत्र नूर अली (21) और मोनिश पुत्र तरीकत टाइल्स व पत्थर लगाने का काम करते थे। सोमवार को दोनों कंकरखेड़ा क्षेत्र के एक मकान में टाइल्स और पत्थर लगाने गए थे। रात करीब नौ बजे काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जब वे शोभापुर चौकी के पास डिवाइडर रोड पर पहुंचे, तभी पीछे से आई एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए। इसी बीच सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने दोनों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही शोभापुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं, फरार स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। दो परिवारों का छिन गया सहारा, मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक अपने परिवारों के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। शकील की तीन छोटी-छोटी बेटियां हैं, जबकि मोनिश की एक बेटी है। मोनिश की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। दोनों की मेहनत-मजदूरी से ही उनके परिवारों का भरण-पोषण होता था। सोमवार रात तक जिन घरों में परिवार के लोग अपनों के लौटने का इंतजार कर रहे थे, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। दोनों युवकों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मासूम बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User