केसर शुगर मिल की कुर्क जमीन 41.05 करोड़ में नीलाम:एएनजी इन्फा इंजीनियरिंग ने लगाई सबसे ऊंची बोली, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की राह खुली

Nov 23, 2026 - 22:21
0
केसर शुगर मिल की कुर्क जमीन 41.05 करोड़ में नीलाम:एएनजी इन्फा इंजीनियरिंग ने लगाई सबसे ऊंची बोली, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की राह खुली
गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की वसूली को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केसर शुगर मिल बहेड़ी की कुर्क भूमि की नीलामी सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। ग्राम मुड़िया मुकर्रमपुर की करीब 11.443 हेक्टेयर जमीन के लिए 17 नवंबर 2026 को हुई खुली नीलामी में चार कंपनियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच बहेड़ी की एएनजी इन्फा इंजीनियरिंग प्रा०लि० ने 41.05 करोड़ रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर यह जमीन अपने नाम की। इस भूमि का सरकारी मूल्यांकन 33,78,77,930 रुपये और न्यूनतम आरक्षित मूल्य 35 करोड़ रुपये तय किया गया था। 68 राउंड चली बोली, 65वें चरण में लगी सबसे बड़ी बाजी तहसील सभागार बहेड़ी में नीलामी अधिकारी और तहसीलदार की देखरेख में हुई इस प्रक्रिया में एएनजी इन्फा इंजीनियरिंग प्रा०लि०, एक्सपेंडेंट लाइफ रिसर्च एंड कंसल्टेंसी प्रा०लि०, पिंगाक्ष इंटरप्राइजेज लिमिटेड और शारदा एग्री फूड्स प्रा०लि० शामिल हुईं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नीलामी पर्यवेक्षण समिति, किसान संगठनों के पदाधिकारियों और मीडिया की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया की सीसीटीवी व वीडियोग्राफी कराई गई। चारों फर्मों के बीच कुल 68 चरणों तक चली प्रतिस्पर्धा में 65वें राउंड में एएनजी इन्फा इंजीनियरिंग ने 41.05 करोड़ रुपये की बोली लगाई, जिसे कोई अन्य प्रतिभागी पार नहीं कर सका। 10.26 करोड़ जमा, शेष राशि के लिए 15 दिन का समय नियमों के तहत उच्चतम बोलीदाता एएनजी इन्फा इंजीनियरिंग प्रा०लि० ने कुल बोली राशि का 25 प्रतिशत यानी 10 करोड़ 26 लाख 25 हजार रुपये का डिमांड ड्राफ्ट मौके पर ही जमा करा दिया है। शेष 75 प्रतिशत धनराशि जमा करने के लिए फर्म को नीलामी की तारीख से 15 दिन का समय दिया गया है। प्रशासन के अनुसार सक्षम प्राधिकारी के स्तर से नीलामी की पुष्टि और आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है। 162 करोड़ के बकाये पर हुई थी कुर्की, कई बार टली थी नीलामी पेराई सत्र 2024-25 के तहत मिल पर किसानों के गन्ना मूल्य और अंशदान के 16,230.46 लाख रुपये बकाया होने पर गन्ना आयुक्त ने वसूली प्रमाण पत्र (आरसी) जारी किया था। 13 जून 2025 को नोटिस देने के बाद भुगतान न होने पर 16 जुलाई 2025 को मिल की जमीन कुर्क कर ली गई। इसके बाद सितंबर 2025 से मई 2026 तक कई तारीखें तय हुईं और 30 मई 2026 को 28.05 करोड़ की बोली भी लगी, लेकिन किसान संगठनों व मिल प्रबंधन की आपत्तियों के बाद डीएम अविनाश सिंह और कमिश्नर के बीच विचार-विमर्श कर नए सिरे से नीलामी कराने का निर्णय लिया गया। नए सर्किल रेट और एमओयू के चलते बदला था कार्यक्रम एक सितंबर 2026 से नई सर्किल दरें लागू होने के बाद जमीन का पुनर्मूल्यांकन कर कीमत 33.78 करोड़ रुपये तय की गई और 25 सितंबर को नीलामी रखी गई। हालांकि, 8 सितंबर को केसर शुगर इंटरप्राइजेज और अवध फूड्स एंड मल्टी वेयर हाउस प्रा०लि० के बीच एमओयू होने के बाद दोनों पक्षों के अनुरोध पर नीलामी टालकर 24 अक्टूबर तय की गई थी। उस दिन केवल एक ही प्रतिभागी आने से प्रक्रिया फिर स्थगित करनी पड़ी, जिसके बाद 17 नवंबर को यह नीलामी संपन्न हो सकी। किसानों को जल्द राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता डीएम अविनाश सिंह के निर्देशन में हुई इस पूरी कार्रवाई का मुख्य लक्ष्य गन्ना किसानों को उनके बकाया मूल्य का भुगतान कराना है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई केवल राजस्व वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को आर्थिक राहत दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। नीलामी की औपचारिक पुष्टि के साथ ही किसानों के बकाया भुगतान की वसूली पर प्रशासन की निरंतर निगरानी जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User