सुखवीर संघल की 20वीं पुण्यतिथि पर स्मृति समारोह:लखनऊ में कलाकृतियों में दिखी भारतीय संस्कृति और परंपराएं, आध्यात्मिक दर्शन पर चर्चा
लखनऊ के कैसरबाग स्थित सुखवीर संघल होम म्यूजियम में रविवार को प्रसिद्ध चित्रकार प्रो. सुखवीर संघल की 20वीं पुण्यतिथि पर स्मृति समारोह आयोजित किया गया। सुखवीर संघल आर्ट फाउंडेशन की ओर से हुए आयोजन में उनकी चुनिंदा कलाकृतियों के जरिए भारतीय संस्कृति, परंपराओं, पौराणिक प्रसंगों और आध्यात्मिक दर्शन को प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘सुखवीर संघल की कहानी, चित्रों की जुबानी’ रहा। चित्रों में दर्ज हैं परंपराओं के दस्तावेज प्रदर्शनी में 1951 की ‘फेयरवेल ऑफ द ब्राइड (विदाई)’ और करीब 1950 में बनी ‘सिरगूंदी’ प्रमुख रहीं। इन कलाकृतियों में भारतीय रीति-रिवाजों और सामाजिक जीवन की झलक दिखाई गई। खास तौर पर ‘सिरगूंदी’ में ऐसी परंपरा को दर्शाया गया है, जो अब प्रचलन में नहीं है। 1983 की पेंटिंग ‘अर्जुन ऐज ए कंसंट्रेटेड आर्चर’ में एकाग्रता और दृढ़ संकल्प को दिखाया गया। वहीं, ‘अर्जुन ऐज ए ट्रू लवर’ में पौराणिक प्रसंगों के जरिए प्रेम और मानवीय संबंधों को अभिव्यक्त किया गया। 1944 की कलाकृति ‘टेम्पटेशन ऑफ बुद्धा’ में खादी के कपड़े पर सिल्हूट और कढ़ाई का प्रयोग किया गया है। यह चित्र सांसारिक प्रलोभनों से ऊपर उठकर ज्ञान प्राप्ति का संदेश देता है। कबीर के भजनों और बांसुरी की प्रस्तुति समारोह में प्रियम चंद्रा ने कबीर के भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, दर्श श्रीवास्तव ने शास्त्रीय बांसुरी वादन किया। संगीत प्रस्तुतियों के जरिए कला, भक्ति और आध्यात्मिकता के भावों को जोड़ा गया। प्रो. संघल की नातिन और फाउंडेशन की निदेशक प्रियम चंद्रा ने कहा कि उनकी 20वीं पुण्यतिथि केवल एक कलाकार को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनकी चित्रकला में मौजूद विचारों, मूल्यों और कहानियों को फिर से जानने का मौका भी है। फाउंडेशन उनकी कलाकृतियों के संरक्षण, दस्तावेजीकरण और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रयास कर रहा है। भारतीय कला की धरोहर बताईं कलाकृतियां उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी के पूर्व अध्यक्ष सीताराम कश्यप ने कहा कि प्रो. संघल की पेंटिंग भारतीय कला परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों की गहरी समझ प्रस्तुत करती हैं। अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने भी उनकी कलाकृतियों को भारतीय कला और सौंदर्यशास्त्र की महत्वपूर्ण धरोहर बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)