SGPGI में आउटसोर्स कर्मचारियों की नई सैलरी सितंबर से लागू:ग्रेड के हिसाब से तय हुआ वेतन, नर्सिंग स्टाफ को मिलेंगे 27,720 रुपए
SGPGI में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों की सैलरी में बदलाव किया गया है। अब कर्मचारियों को उनके ग्रेड के हिसाब से 17,646 रुपए से लेकर 39 हजार रुपए तक सैलरी निर्धारित की गई है। नर्सिंग स्टाफ की सैलरी 27,720 रुपए तय की गई है, जबकि फार्मेसी, फिजियोथेरेपी और डायटीशियन स्टाफ को 21,947 रुपए मिलेंगे। नई दरें 2 सितंबर 2026 से लागू होंगी। इस संबंध में संस्थान की निदेशक प्रो. राधा कृष्ण धीमान ने 28 नवंबर को कार्यालय आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, ग्रेड-4 के कर्मचारियों का मासिक पारिश्रमिक 17,646 रुपए, ग्रेड-3 का 19,446 रुपए, ग्रेड-2 का 21,947 रुपए और ग्रेड-1 का 39 हजार रुपए निर्धारित किया गया है। इसमें कर्मचारी के वेतन से EPF और ESI की कटौती के बाद मिलने वाली रकम अलग-अलग होगी। ग्रेड-4 के कर्मचारियों को EPF और ESI की कटौती के बाद 15,396.14 रुपए इन-हैंड मिलेंगे। ग्रेड-3 के कर्मचारियों को 16,966.64 रुपए और ग्रेड-2 के कर्मचारियों को 19,148.76 रुपए मिलेंगे। संस्थान की ओर से नियोक्ता अंशदान के रूप में EPF और ESI का भुगतान भी किया जाएगा। GST, सर्विस चार्ज और UPCOS सेंटेज चार्ज का खर्च संस्थान वहन करेगा। नर्सिंग स्टाफ को 27,720 रुपए मिलेंगे आदेश में अलग-अलग पदों के लिए भी पारिश्रमिक तय किया गया है। ग्रुप-बी में नर्सिंग स्टाफ को 27,720 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे। फार्मेसी, फिजियोथेरेपी, डायटीशियन और मेडिकल सोशल वर्कर (MSW) के लिए 21,947 रुपए प्रतिमाह तय किए गए हैं। वहीं, ग्रुप-सी में टेक्नीशियन को 19,446 रुपए और ग्रुप-डी में पेशेंट हेल्पर को 17,646 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। मैनपावर के तहत ग्रुप-सी में डेटा एंट्री असिस्टेंट और ड्राइवर का पारिश्रमिक भी 19,446 रुपए प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। ग्रेड-1 के EPF पर संस्थान लेगा फैसला आदेश में ग्रेड-1 के कर्मचारियों के EPF को लेकर अलग व्यवस्था की गई है। 40 हजार रुपए मासिक पारिश्रमिक की स्थिति में EPF कटौती अनिवार्य नहीं होने के कारण संस्थान इस पर अलग से निर्णय लेगा। साथ ही UPCOS सेंटेज चार्ज फिलहाल एक प्रतिशत की दर से तय किया गया है। इसमें भविष्य में बदलाव संभव है। संस्थान ने शासनादेश के प्रावधानों के तहत संशोधित पारिश्रमिक को 2 सितंबर 2026 से लागू करने की मंजूरी दी है। हालांकि, इसका अनुमोदन आगामी शासी निकाय की बैठक में लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)