ताजमहल के फाउंटेन में युवक ने डुबकी लगाते बनाई रील:पानी में उतरकर पोज दिए और डांस किया, सुरक्षा पर उठे सवाल
ताजमहल परिसर में लगे फाउंटेन में एक युवक डुबकी लगा कर बारिश में नहा रहा है। इसके बाद फाउंटेन में ही डांस कर रहा है, पोज दे कर रील बनवा रहा है। वायरल रील में बैकग्राउंड में गाना चल रहा है "मेरे गुनाहों की मिल रही है कोई सज़ा, जन्नतें कहाँ, बिन हुए फ़ना। ताजमहल में रील का खुमार इस कदर चढ़ा है कि लोग नियमों को ताक पर रखकर वीडियो बना रहे हैं। रविवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चाओं में है। लोग सोशल मीडिया पर ताजमहल की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे है। बताया जा रहा है कि युवक ने लाइक और व्यूज पाने के लिए ताजमहल के अंदर स्थित फाउंटेन को ही वाटर पार्क बना दिया। वायरल वीडियो में युवक फाउंटेन के पानी में उतरकर पोज देता और डांस करता दिखाई दे रहा है। उसके साथी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजमहल परिसर में किसी भी तरह की रील बनाना, फाउंटेन में उतरना और पानी से छेड़छाड़ करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के जवान तैनात रहते हैं। इसके बावजूद युवक कैसे फाउंटेन में उतर गया, यह बड़ा सवाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ताजमहल में रोजाना हजारों पर्यटक आते हैं, लेकिन कुछ लोग प्रसिद्धि पाने के लिए नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इससे पहले भी ताज परिसर में रील बनाने के कई वीडियो सामने आ चुके हैं। ASI ने कई बार इस तरह की हरकतों पर रोक लगाने के लिए सख्ती भी बरती है। वायरल हो रहा वीडियो कब का है, इसकी भी जानकारी नहीं मिल पाई है। ASI और CISF के अधिकारियों का कहना है कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। अगर वीडियो हाल का पाया जाता है तो युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ताजमहल में इस तरह की घटनाओं से विश्व धरोहर की छवि पर असर पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि परिसर में निगरानी बढ़ाई जाए और नियम तोड़ने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)