निषाद पार्टी 16 जीतने वाली सीटों पर लड़ेगी चुनाव:संजय निषाद बोले- चुनाव से 15 दिन पहले टिकट देने से नहीं मिलती तैयारी की मोहलत

Nov 29, 2026 - 22:38
0
निषाद पार्टी 16 जीतने वाली सीटों पर लड़ेगी चुनाव:संजय निषाद बोले- चुनाव से 15 दिन पहले टिकट देने से नहीं मिलती तैयारी की मोहलत
मिर्जापुर में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी पार्टी की रणनीति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी अपनी 16 जीतने वाली सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। इन सीटों पर भाजपा और निषाद पार्टी दोनों की पसंद के प्रत्याशी घोषित किए जाने चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि उम्मीदवारों के नाम अभी से तय होने चाहिए, ताकि उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में काम करने और वोट बैंक मजबूत करने का पर्याप्त समय मिल सके। संजय निषाद ने कहा कि अगर हारी हुई सीटों को जीत में बदलना है तो प्रत्याशियों का नाम पहले से घोषित करना होगा। चुनाव से महज 15 दिन पहले उम्मीदवार तय करने से तैयारी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि चुनाव की रणनीति आखिरी समय पर बनाने के बजाय पहले से जमीन तैयार करनी चाहिए। बोले- बनारस की हार पर शर्म करनी चाहिए संजय निषाद ने बनारस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में हुए एमएलसी चुनाव में हार का जिक्र करते हुए कहा कि वहां हम लोग हारे हैं, इस पर शर्म करनी चाहिए। इसकी वजह एक छोटी सी गलती रही। उन्होंने बताया कि विपक्ष का प्रत्याशी एक साल पहले से तय था, जबकि हमारा उम्मीदवार चुनाव से महज 15 दिन पहले घोषित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी पहले से तय होने पर उसे अपने क्षेत्र में जनता के बीच जाने, अपनी पकड़ बनाने और वोट बैंक मजबूत करने का समय मिलता है। चुनाव के अंतिम समय में केवल संगठन के भरोसे रह जाने से अपेक्षित परिणाम हासिल करना मुश्किल हो जाता है। प्रत्याशी घोषित होने से खत्म होगा असमंजस कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उम्मीदवारों के नाम पहले से स्पष्ट रहने चाहिए, ताकि क्षेत्र में कोई दूसरा व्यक्ति चुनाव लड़ने का दावा करके असमंजस की स्थिति पैदा न करे। पहले से प्रत्याशी तय होने पर वह क्षेत्र में सक्रिय होकर जनता के बीच अपनी जगह बना सकता है। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और निषाद पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी की शुरुआती रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। बोले- गरीबों को मुफ्त राशन की तरह मुफ्त शिक्षा भी मिले संजय निषाद ने शिक्षा के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब सरकार गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध करा सकती है तो उन्हें मुफ्त शिक्षा भी देनी चाहिए। शिक्षा को आम लोगों की पहुंच में लाने की जरूरत है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी बेहतर शिक्षा हासिल कर सकें। उन्होंने शिक्षा को गरीबों के लिए सुलभ बनाने पर जोर देते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User