वाराणसी की कल की 10 बड़ी खबरें:संस्कृति संसद के 3 संकल्प, विश्वनाथ धाम के स्वर्ण शिखर की 3 घंटे तक जांच

Nov 07, 2026 - 06:18
0
वाराणसी की कल की 10 बड़ी खबरें:संस्कृति संसद के 3 संकल्प, विश्वनाथ धाम के स्वर्ण शिखर की 3 घंटे तक जांच
नमस्कार, वाराणसी की कल (शुक्रवार) की बड़ी खबरें…धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर के बाहर 2 किमी लंबी लाइन रही। धनतेरस और दीपावली को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। वाराणसी जंक्शन (कैंट) और बनारस स्टेशन पर यात्रियों के बैग की मशीन से जांच नहीं हो रही है। जबकि, दो दिन पहले ही कई जगहों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी दर्शन के लिए 2km लंबी लाइन, मंदिर के बाहर आधी रात से खड़े लोग काशी में धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर के बाहर 2 किमी लंबी कतार लगी है। श्रद्धालुओं को दर्शन के बाद प्रसाद में सिक्के और लावा दिए जा रहे हैं। सुबह 4 बजे शृंगार और विशेष पूजा के बाद कपाट खोले गए। पांच दिन तक खजाना प्रसाद वितरित होगा। पढ़ें पूरी खबर… 2- विश्वनाथ धाम के स्वर्ण शिखर की 3 घंटे तक जांच, IIT मद्रास की टीम ने किया सर्वे श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के स्वर्ण शिखर और मंदिर की मजबूती जांचने गुरुवार को IIT मद्रास के चार विशेषज्ञ पहुंचे। डॉ. अरुण मेनन के नेतृत्व में टीम ने तीन घंटे तक तकनीकी सर्वे किया। अत्याधुनिक मशीनों से गर्भगृह, दीवारों, शिखरों और अन्य मंदिरों की जांच की गई। विशेषज्ञ बिना तोड़फोड़ किए मूल वास्तुकला सुरक्षित रखते हुए मजबूती बढ़ाने के उपाय तलाश रहे हैं। 20 दिन में रिपोर्ट सौंपी जाएगी। पढ़ें पूरी खबर... 3- धनतेरस पर बनारस की गुलाबी मीनाकारी की बढ़ी मांग, अमेरिका, जापान, कनाडा और जर्मनी तक पहुंचे सामान काशी में धनतेरस पर बनारस की पारंपरिक गुलाबी मीनाकारी की खूब मांग है। गणेश प्रतिमाएं 2 से 20 हजार और चांदी के गहने 2 हजार से 2 लाख रुपए तक में उपलब्ध हैं। कारीगर रवीश कुमार विश्वकर्मा को अमेरिका, कनाडा, जापान और जर्मनी से सीधे ऑर्डर मिल रहे हैं। इस महीने करीब 20 लाख रुपए के गहने बेच चुके हैं। पीएम मोदी भी उनकी बनाई मीनाकारी का शतरंज सेट कमला हैरिस को भेंट कर चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर... 4- स्टेशनों पर नहीं हो रही बैग की चेकिंग, दो दिन पहले मिली थी बम से उड़ाने की धमकी धनतेरस और दीपावली को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही नजर आ रही है। वाराणसी जंक्शन (कैंट) और बनारस स्टेशन पर यात्रियों के बैग की मशीन से नियमित जांच नहीं हो रही है। बता दें कि दो दिन पहले ही वाराणसी नगर निगम, काशी हिंदू विश्वविद्यालय और सीएचएस को ई-मेल भेजकर बम धमाके की धमकी दी गई थी। पढ़ें पूरी खबर... 5- शहर की सफाई के लिए दीपावली पर 8 हजार कर्मचारी लगे, दोगुना कचरा निकल रहा दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज पर काशी में सफाई व्यवस्था संभालने के लिए नगर निगम ने 8 हजार कर्मचारियों को तीन शिफ्टों में लगाया है। सामान्य दिनों में 1000 से 1200 टन कूड़ा निकलता था, जो अब बढ़कर 2 हजार टन प्रतिदिन हो गया है। घाटों, मंदिरों और बाजारों में 24 घंटे सफाई कराई जा रही है। कचरा उठाने वाले वाहनों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर... 6- विदाई के लिए एक लाख और सोने की चेन मांगी, पत्नी को मायके में छोड़ा, पति पर FIR वाराणसी के लोहता में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मायके में छोड़ने का मामला सामने आया है। महमूदपुर की शहनाज बानो की शादी 11 अक्टूबर 2022 को हुई थी। आरोप है कि पति ने विदाई के लिए एक लाख रुपए और सोने की चेन मांगी। पति पर शराब पीकर मारपीट और धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने FIR दर्ज की है। पढ़ें पूरी खबर... 7- कोर्ट से साइबर फ्राड के आरोपी को जमानत, इंश्योरेंस पर बोनस का झांसा देकर 11.72 लाख हड़पे वाराणसी में इंश्योरेंस पॉलिसी पर बोनस और ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर 11.72 लाख रुपए की साइबर ठगी के आरोपी को अदालत से जमानत मिल गई। जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत ने आगरा निवासी देवेश प्रताप सिंह उर्फ देवेश धाकरे की अर्जी मंजूर की। आरोपी को 50-50 हजार रुपए की दो जमानतें और बंधपत्र दाखिल करने पर रिहा करने का आदेश दिया गया। पढ़ें पूरी खबर… 8- सड़क जाम करने पर 45 लोगों पर FIR, चौबेपुर-बाबतपुर मार्ग पर शव रखा था, फंसी थी एंबुलेंस वाराणसी के चौबेपुर में 76 वर्षीय इंद्रावती देवी की सड़क हादसे में मौत के बाद जाम लगाने पर पुलिस ने 45 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें बृजेश मिश्रा और अजय यादव नामजद हैं। आरोप है कि दोनों ने आगामी विधानसभा और पंचायत चुनाव में राजनीतिक लाभ के लिए ग्रामीणों को उकसाया। 5 नवंबर को जाम में कई एंबुलेंस भी फंस गई थीं। पुलिस ने बीएनएस की 8 धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पढ़ें पूरी खबर... 9- खेत की तारबंदी में करंट से युवक की मौत, एक आरोपी गिरफ्तार वाराणसी के मिर्जामुराद में खेत की तारबंदी में अवैध करंट प्रवाहित करने से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। कोसड़ा चक्रपानपुर निवासी विष्णु उर्फ विशुन बिन्द (46) को लालपुर चट्टी के पास से पकड़ा गया। 15 अक्टूबर को खेत में सिंचाई के लिए पाइप बिछाते समय बबलू बिन्द करंट की चपेट में आ गया था। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। पढ़ें पूरी खबर... 10- काशी में संस्कृति संसद के 3 संकल्प, 2028 तक विदेशों से लाएंगे मनुस्मृति की पांडुलिपियां काशी में तीन दिन चली छठी संस्कृति संसद में 127 संप्रदायों के 1680 संतों ने तीन प्रमुख संकल्प लिए। इनमें विदेशों से मनुस्मृति की मूल पांडुलिपियां वापस लाना, हिंदू आचार संहिता घोषित करना और धर्मांतरण पर अंकुश लगाना शामिल है। स्वामी जीतेंद्रनंद सरस्वती के मुताबिक, 2028 की अगली संसद में पांडुलिपियां प्रस्तुत करने का लक्ष्य है। हिंदू आचार संहिता की घोषणा वर्ष प्रतिपदा पर होगी। संतों ने फरक्का और सिंधु जल समझौते रद्द करने की मांग भी उठाई। पढ़ें पूरी खबर…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User