आशा कार्यकर्ता का शव फंदे से लटका मिला:प्रतापगढ़ में उदयपुर थाना पुलिस पहुंची, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की पड़ताल
प्रतापगढ़ के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्ही आईमा गांव में बुधवार रात एक आशा कार्यकर्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह घर के अंदर उनका शव फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कुम्ही आईमा गांव निवासी रेखा देवी (आशा कार्यकर्ता) ने बुधवार रात अज्ञात कारणों से घर में फंदा लगा लिया। गुरुवार सुबह जब परिवार के सदस्य उठे, तो उन्होंने रेखा देवी को फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना तुरंत उदयपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से महिला को नीचे उतारा। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। इस संबंध में उदयपुर थानाध्यक्ष वारिज कसेरा ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)